जली हुई कार में मिला अधजला शव, रहस्य बनी युवक की मौत….

deedvana

जली हुई कार से बरामद हुआ युवक का अधजला शव(फोटो क्रेडिट: IANS)

The Hindi Post

डीडवाना | राजस्थान के डीडवाना जिले के लाडनूं उपखंड क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. बल्दु-गुणपालिया के कच्चे मार्ग पर एक कार में अचानक आग लगने से कार सवार व्यक्ति की जलकर मौत हो गई है. मृतक की पहचान बल्दू गांव निवासी प्रभुराम मेघवाल के रूप में हुई है.

यह घटना शनिवार रात को हुई थी जिसके बारे में रविवार को पता चला. स्थानीय लोगों ने जली हुई कार देखी और पुलिस को सूचित किया.

कार से लगभग 75 प्रतिशत जला हुआ शव बरामद हुआ है. मृतक की शिनाख्त प्रभुराम के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि जिस जगह पर कार मिली उससे कुछ दूरी पर मृतक का खेत भी मौजूद है.

घटना की जानकारी मिलते ही लाडनूं पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर  एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है ताकि आग लगने और युवक की मौत की सही वजह का पता लगाया जा सके.

डीडवाना एसपी हनुमान प्रसाद मीणा, लाडनूं उप अधीक्षक विक्की नागपाल और थानाधिकारी महीराम बिश्नोई भी मौके पर पहुंचे और हर पहलू से जांच-पड़ताल में जुटे हुए हैं. इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है. फिलहाल पुलिस ने शव को कार से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच गहनता से की जा रही है.

IANS

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!