टीवी अभिनेत्री पल्लबी डे के मौत के मामले में पुलिस ने लिव-इन पार्टनर को किया गिरफ्तार
कोलकाता | लोकप्रिय बांग्ला टेलीविजन अभिनेत्री पल्लबी डे दक्षिण कोलकाता में अपने घर पर 15 मई (रविवार) को मृत्य मिली थी। उनका शव पंखे से लटका मिला था। अब उनकी मौत के 48 घंटो के भीतर पुलिस ने उनके लिव-इन पार्टनर शग्निक चक्रवर्ती को मंगलवार शाम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
हालाँकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने संकेत दिए कि अभिनेत्री ने आत्महत्या की थी पर उनके माता-पिता ने उनके लिव-इन पार्टनर शग्निक के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए, जिसमें मानसिक और शारीरिक क्रूरता और उनकी बेटी द्वारा अर्जित धन का गबन शामिल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस ने सोमवार रात को चक्रवर्ती से पूछताछ शुरू की थी जो मंगलवार तक जारी रही और उसके बाद आज शाम उनकी गिरफ्तारी हो गई। साथ ही यह भी पता चला है कि चक्रवर्ती की गिरफ्तारी वित्तीय गबन में उसकी संलिप्तता के निश्चित सुराग मिलने के बाद हुई।
पुलिस की पूछताछ में चक्रवर्ती ने स्वीकार किया कि पल्लबी के साथ संयुक्त रूप से उसके पास 15 लाख रुपये की एफडी थी। उन्होंने साल्ट लेक में 80 लाख रुपये की लागत से एक शानदार अपार्टमेंट और एक शानदार वाहन भी खरीदा, जिसमें से अधिकांश को पल्लबी ने अपनी आय से फाइनेंस किया था।

जांच अधिकारियों का मानना है कि हालांकि चक्रवर्ती काम करता था, लेकिन उसकी आय ऐसी खरीद करने के लिए काफी नहीं थी।
चक्रवर्ती की पहले शादी हो चुकी है। हालांकि, तलाक की याचिका दायर करने के बाद से वह पल्लबी के साथ रह रहा था।
आईएएनएस
हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे
