सोनम कपूर के दिल्ली स्थित आवास पर 2.4 करोड़ रुपये की चोरी के आरोप में नर्स और उसके पति की हुई गिरफ्तारी

Sonam Kapoor (1)

फोटो: इंस्टाग्राम

The Hindi Post

नई दिल्ली | दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर के ससुराल में 2.4 करोड़ रुपये की चोरी के आरोप में एक दंपति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, आरोपी नर्स, जिसकी पहचान अपर्णा रूथ विल्सन (30) के रूप में हुई है, वह अमृता शेरगिल मार्ग स्थित कपूर के आवास पर घरेलू चिकित्सा देखभाल सहायक के रूप में काम करती थी और अभिनेत्री की सास की देखभाल कर रही थी। आरोपी महिला के पति की पहचान नरेश कुमार सागर के रूप में हुई है।

पुलिस उपायुक्त (नई दिल्ली जिला) अमृता गुगुलोथ ने कहा कि आरोपी महिला ने मरीज के अनुरोध पर शिकायतकर्ता के घर पर कई बार होम केयर ड्यूटी की थी। डीसीपी ने कहा, “इससे वह उस मरीज के करीब आ गई, जिसके गहने उसने आखिरकार चुरा लिए थे।”

विज्ञापन
विज्ञापन

दिल्ली में अमृता शेरगिल मार्ग स्थित हरीश आहूजा के आवास पर चोरी को लेकर दो महीने पहले 23 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई गई थी। गौरतलब है कि हरीश आहूजा सोनम कपूर के ससुर हैं।

शिकायतकर्ता को 11 फरवरी को लूट के बारे में पता चला था। हालांकि, 12 दिन बाद घटना की सूचना दी, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने तुगलक रोड पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 381 के तहत प्राथमिकी दर्ज की और मामले की जांच शुरू कर दी।

आधिकारिक तौर पर पता चला कि 2.4 करोड़ रुपये की नकदी और जेवरात चुराने के बाद आरोपी नर्स ने उसे अपने पति को दे दिया, जो वर्तमान में दिल्ली के सरिता विहार में रहता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

नई दिल्ली जिला पुलिस ने दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के साथ मिलकर मंगलवार रात को संयुक्त रूप से छापेमारी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। अधिकारी ने कहा, “आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड की मांग की गई है।”

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post
error: Content is protected !!