अयोध्या में ‘आरती’ और ‘पूजा’ में शामिल हुए नड्डा एवं अन्य प्रदेशों के मुख्यमंत्री
फोटो: ट्विटर@बीजेपी4इंडिया
अयोध्या | भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बुधवार दोपहर अयोध्या पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब, बिहार की डिप्टी सीएम रेणु देवी, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह सरयू के तट पर गए जहां उन्होंने ‘आरती’ में भाग लिया।

इस मौके पर यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य और दिनेश शर्मा भी मौजूद थे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने गृह राज्य वापस लौट गए। यह पहली बार ऐसा मौका है जहां अयोध्या में एक साथ इतने प्रदेशों के मुख्यमंत्री मौजूद हैं।
कार्यक्रम के दौरान पूरा समूह हनुमान गढ़ी देखने के लिए गया जहां उन्होंने भगवान हनुमान की पूजा आरती भी की। वे बाद में राम जन्मभूमि मंदिर गए और मंदिर के निर्माण स्थल को भी देखा। सभी मुख्यमंत्रियों ने अयोध्या में योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यो की सराहना भी की।
श्री अयोध्या जी में माँ सरयू जी के दर्शन व पूजन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। pic.twitter.com/KIGKip0ruF
— Jagat Prakash Nadda (@JPNadda) December 15, 2021
एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा “एक बार फिर से राम लला के दर्शन करना सौभाग्य की बात है। राम मंदिर का निर्माण शुरू होने के बाद पहली बार हमें यहां आने का मौका मिला है। हम भगवान से सभी के स्वस्थ रहने की प्रार्थना करेंगे। पीएम के नेतृत्व में एक समृद्ध भारत का निर्माण हो रहा है।”

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा “हमने राम लला के दर्शन किए हैं। मैं भाग्यशाली महसूस कर रहा हूं।”
आईएएनएस
