कराची जेल से रिहा हुए 20 भारतीय मछुआरे
प्रतीकात्मक फोटो (क्रेडिट: इंग्लिश पोस्ट)
नई दिल्ली | पाकिस्तान सरकार ने कराची में जिला जेल और सुधार सुविधा से 20 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया है। डॉन न्यूज की रिपोर्ट में इसकी जानकारी दी गई। अधिकांश को चार साल पहले पाकिस्तानी जल सीमा में प्रवेश करने पर कैद कर लिया गया था।
रिहा होने वाले इन लोगों की खास बात ये थी कि बहुतों ने अपने गले और कलाइयों के चारों ओर रंगीन मोतियों के हार और कंगन पहने थे, जो उन्होंने जेल में खुद बनाए थे।
रिपोर्ट में कहा गया, चूंकि यहां की जेलों में बंदियों को उर्दू या अंग्रेजी में शिक्षा दी जाती है, इसलिए भारतीय मछुआरों की तकलीफें बढ़ गई थीं। इसे देखते हुए वे हस्तशिल्प या व्यावसायिक प्रशिक्षण सीखने में जुट गए।

जेल से रिहा होने वाले रवेंद्र गोविंद और मकवरन भावेश कुमार के लगेज में कुछ खास था। यह नीले और सफेद मोतियों से बनी पाकिस्तानी तटरक्षक नौका का एक मॉडल था। एक छोटा सफेद हेलीकॉप्टर और बड़ी नाव के डेक में से एक पर आराम करने वाली एक लाइफबोट भी थी।
डॉन न्यूज की रिपोर्ट में रवेंद्र के हवाले से कहा गया, “यह उस नाव का मॉडल है जिसने हमें चार साल पहले समुद्र में गिरफ्तार किया था।”
रवेंद्र ने कहा, “इसकी छवि मेरे दिमाग में अंकित है इसलिए मैं और मेरे दोस्त मकवरन ने इस मॉडल पर काम करना शुरू कर दिया था। लेकिन खूबसूरत नाव पर एक भारतीय झंडा भी लगा था ।
रिपोर्ट में कहा गया कि यह पूछे जाने पर कि उसमें पाकिस्तानी नाव का नाम क्यों नहीं है, मकवरन ने कहा कि हालांकि नाव की छवि उनके दिमाग से नहीं निकल सकी, लेकिन भारतीय ध्वज उनके दिलों पर अंकित था।

दोनों दोस्तों ने कहा कि उनके माता-पिता ने उनके लिए उपयुक्त दुल्हनें ढूंढी हैं और घर पहुंचने के तुरंत बाद उनकी शादी हो जाएगी।
रिपोर्ट के अनुसार हिम्मत बलाल ने बताया, “हमें परोसा गया खाना असाधारण रूप से स्वादिष्ट था। हमें सप्ताह में तीन बार चिकन व्यंजन, हर सुबह पराठे, टोस्ट और बढ़िया चाय के साथ अंडे मिलते थे। लेकिन जेल में हमारा पसंदीदा व्यंजन करी-पकोड़ा था।”
एक अन्य निर्वासित, अर्जुन बाबू ने बहुत लंबे बाल बढ़ा रखे थे। उन्होंने बताया कि वह पांच साल पहले गिरफ्तारी के समय से ही अपने बाल बढ़ा रहा था। उन्होंने कहा, “यह मेरी इच्छा की पूर्ति के लिए था कि मैं जल्द ही रिहा हो जाऊं। यह एक मन्नत थी।” उन्होंने कहा, “मेरे बाल इतने लंबे हो गए और मेरा मानना है कि यह मेरे मन्नत की बदौलत है कि आज हम सभी 20 को रिहा किया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि वह घर पहुंचते ही वह बाल कटवाउंगा।

रिहा किए गए बाकियों के नाम हैं- रणवीर माओ जी, बाबू नारन, भूपत भगवान, नारन पर्वत, भावेश शारा भाई, रूखद अर्जुन, दाना भूपत, रांसी बच्चू, पोला सहूर, मीपा आम भाई, बिसो नागा, परमा हरेश कुमार, परेश भाई, तबा भाई, वजू लखमन और जुसेब मूसा।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ईधी फाउंडेशन द्वारा निर्वासित लोगों को उपहार बैग और 5,000 पीकेआर की राशि प्रदान की गई, जो उन्हें लाहौर ले जाने के लिए भी जिम्मेदार थे।
रिपोर्ट में कहा गया है कि उनके सोमवार शाम को सड़क मार्ग से लाहौर पहुंचने की उम्मीद है, जहां से उन्हें वाघा सीमा के जरिए भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा।
आईएएनएस
