उत्तर प्रदेश के मथुरा शहर में एक रिक्शा चालक को उस वक़्त जोर का झटका लग गया जब उसके पास इनकम टैक्स विभाग से एक नोटिस आया जिसमे उसको तीन करोड़ रुपये से अधिक के बकाया टैक्स का भुगतान करने को कहा गया।
रिक्शा चालक, प्रताप सिंह, निवासी अमर कॉलोनी, ने धोखाधड़ी की बात कहते हुए हाईवे थाने में तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस ने कोई केस नहीं दर्ज किया है।
पुलिस इंस्पेक्टर अनुज कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है, फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
विज्ञापन
प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी आप बीती सुनाई।
प्रताप के अनुसार उसने पैन कार्ड के लिए इस साल मार्च में बकलपुर के जन सुविधा केंद्र में आवेदन किया था। उसने कहा कि उसने पैन कार्ड के लिए आवेदन तब किया जब बैंक ने उससे पैन कार्ड उप्लब्ध करवाने को कहा।
प्रताप ने आगे बताया कि उसको जन सुविधा केंद्र का संचालन करने वाले एक संजय सिंह ने पैन कार्ड की कलर फ़ोटोकॉपी दे दी। उसने कहा कि अनपढ़ होने के कारण वह फ़ोटोकॉपी और ओरिजिनल पैन कार्ड में अंतर नहीं कर पाया। प्रताप ने बताया कि उसको तीन महीने के बाद आख़िरकार पैन कार्ड मिल पाया।
विज्ञापन
प्रताप ने कहा कि उसको आयकर विभाग से 19 अक्टूबर को फ़ोन आया और उसको 3.47 करोड़ रुपये का बकाया इनकम टैक्स भरने को कहा गया।
उसने कहा कि अधिकारियों ने उसे बताया कि किसी ने बिज़नेस करने के लिए उसके नाम पर GST नंबर ले लिया था जिसके जरिये बिज़नेस किया गया औऱ व्यापारी का साल 2018-2019 में टर्नओवर 43,44,36,201 था।
पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे