हिमाचल प्रदेश में एक और भूस्खलन, कई लोगों के दबे होने की आशंका

Landslide in Himachal
The Hindi Post

शिमला | हिमाचल प्रदेश के सुदूर किन्नौर जिले में बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 5 पर एक और बड़े भूस्खलन में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। किन्नौर के जिला मुख्यालय रिकांग पियो से 61 किमी दूर निगुलसारी के पास राजमार्ग पर एक बड़े हिस्से पर हुए भूस्खलन में राज्य रोडवेज की एक बस और कई वाहन दब गए।

हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस शिमला होते हुए रेकांग पियो से हरिद्वार जा रही थी। हालांकि, बस में यात्रियों की संख्या के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक बस में 40 से ज्यादा लोग सवार थे।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने शिमला में संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने किन्नौर प्रशासन को राहत एवं बचाव अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा कि भूस्खलन में हताहतों की सही संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) को लोगों को बचाने के लिए बुलाया गया है।

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post
error: Content is protected !!