यूपी विधानसभा चुनाव 2027: 209 प्रत्याशियों की कथित सूची को भाजपा ने बताया फर्जी, क्या बोली पार्टी ?

BJP Flag IANS (1) (1)

Photo: IANS

The Hindi Post

यूपी विधानसभा चुनाव 2027: 209 प्रत्याशियों की कथित सूची को भाजपा ने बताया फर्जी, क्या बोली पार्टी ?

 

लखनऊ | उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मी के बीच भाजपा के 209 प्रत्याशियों की कथित सूची तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की खबरों पर पार्टी ने कड़ा खंडन किया है.

भाजपा ने इन खबरों को पूरी तरह निराधार और मनगढ़ंत बताते हुए कहा है कि प्रत्याशियों के चयन की संगठनात्मक प्रक्रिया अभी शुरू ही नहीं हुई है. पार्टी ने आरोप लगाया कि कुछ तत्व कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम और असमंजस पैदा करने के उद्देश्य से इस तरह की अफवाहें फैला रहे हैं.

भाजपा के प्रदेश कार्यालय की ओर से रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि पिछले कुछ दिनों से विभिन्न समाचार माध्यमों, व्यक्तियों और संस्थानों के जरिए आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 209 प्रत्याशियों की कथित सूची तैयार किए जाने और उसे केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की खबरें प्रसारित की जा रही हैं. पार्टी इन खबरों का सिरे से खंडन करती है.

प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया कि भारतीय जनता पार्टी अथवा प्रदेश नेतृत्व की ओर से ऐसी कोई सूची तैयार नहीं की गई है और न ही उसे केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया है. पार्टी ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित और कैडर आधारित राजनीतिक दल है. विधानसभा सहित किसी भी चुनाव में प्रत्याशियों के चयन के लिए पार्टी की एक सुव्यवस्थित, लोकतांत्रिक और संगठनात्मक प्रक्रिया निर्धारित है.

इस प्रक्रिया के तहत ही उम्मीदवारों का चयन किया जाता है लेकिन फिलहाल यह प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है. भाजपा ने इस तरह की खबरों को सोची-समझी साजिश करार देते हुए कहा कि कुछ तत्व पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं के बीच असमंजस, भ्रम और भय का माहौल बनाने के इरादे से मनगढ़ंत सूचनाएं प्रसारित कर रहे हैं.

पार्टी ने अपने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपील की है कि वे ऐसी तथ्यहीन और भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें. किसी भी सूचना की पुष्टि के लिए पार्टी के अधिकृत मंचों से जारी जानकारी को ही प्रामाणिक मानें.

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. ऐसे में प्रत्याशियों के चयन और टिकट वितरण को लेकर सामने आ रही चर्चाओं के बीच भाजपा का यह स्पष्टीकरण महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

IANS

209 प्रत्याशियों की कथित सूची को भाजपा ने बताया फर्जी, कहा- अभी शुरू नहीं हुई टिकट चयन की प्रक्रिया

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!