डॉक्टरों ने कर दिया कमल ! मां के गर्भ में किया शिशु की रीढ़ के हड्डी का सफल ऑपरेशन
सांकेतिक तस्वीर | AI Photo
डॉक्टरों ने कर दिया कमल ! मां के गर्भ में किया शिशु की रीढ़ के हड्डी का सफल ऑपरेशन
नई दिल्ली | नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है. एम्स के डॉक्टरों ने भारत की पहली फीटल सर्जरी यानी भ्रूण सर्जरी को सफलतापूर्वक पूरा किया है. इस सर्जरी में मां के गर्भ में पल रहे बच्चे की रीढ़ की हड्डी की मरम्मत की गई. यह उपलब्धि भारतीय चिकित्सा जगत के लिए एक नया अध्याय खोलने वाली मानी जा रही है.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस उपलब्धि की जानकारी दी. मंत्रालय ने लिखा कि एम्स नई दिल्ली में एडवांस्ड मेडिकल केयर के क्षेत्र में एक अहम उपलब्धि हासिल हुई है. चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एम्स के डॉक्टरों ने भारत की पहली फीटल सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की है.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि यह सर्जरी गर्भावस्था के 25वें सप्ताह में की गई. करीब 6 घंटे तक चली इस बेहद जटिल सर्जरी में डॉक्टरों ने माइलोमेनिंगोसेले का इलाज किया. यह स्पाइना बिफिडा का एक गंभीर रूप है. इसमें बच्चे की रीढ़ की हड्डी पूरी तरह विकसित नहीं हो पाती और रीढ़ की हड्डी का एक हिस्सा बाहर निकल आता है. अगर समय पर इलाज न किया जाए तो इससे बच्चे के पैरों में कमजोरी, चलने में दिक्कत, पेशाब और शौच पर नियंत्रण न रहना और दिमाग से जुड़ी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं.
डॉक्टरों का मुख्य उद्देश्य रीढ़ की हड्डी को और अधिक नुकसान से बचाना और बच्चे के बेहतर न्यूरोलॉजिकल भविष्य की संभावनाओं को बढ़ाना था. गर्भ में ही सर्जरी करने से जन्म के बाद होने वाली जटिलताओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि सर्जरी के बाद मां और गर्भ में पल रहा बच्चा, दोनों ही स्थिर हैं और उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है. डॉक्टरों की टीम दोनों की सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है. यह महत्वपूर्ण उपलब्धि भारत के चिकित्सा विशेषज्ञों की असाधारण कुशलता और हमारे सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों की बढ़ती क्षमताओं को दर्शाती है जो अब अत्यंत विशिष्ट और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने में सक्षम हैं.
By IANS
दिल्ली : एम्स की ऐतिहासिक उपलब्धि, भारत की पहली फीटल सर्जरी सफल
