उत्तराखंड हेलीकॉप्टर हादसे से जुड़ी बड़ी खबर
फोटो: आईएएनएस
उत्तराखंड हेलीकॉप्टर हादसे से जुड़ी बड़ी खबर
चमोली | उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ के पास हुए हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं. पुलिस ने रविवार को बताया कि छह लोगों के शवों को सड़क मार्ग तक पहुंचा दिया गया है.
चमोली पुलिस ने बताया कि भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), पुलिस, जिला प्रशासन और वन विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया था. यह ऑपरेशन एक दुर्गम और अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाके में बेहद कठिन परिस्थितियों के बीच पूरा किया गया.
पुलिस ने बताया कि रेस्क्यू टीम ने कठिन पहाड़ी रास्तों पर पैदल चलकर इन छह लोगों के शवों को बरामद किया. इसके बाद शवों को सड़क मार्ग से जोशीमठ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया. जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद, शवों को एनटीपीसी हेलीपैड से एयरलिफ्ट करके अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश पहुंचाया गया.
प्रयागराज में जमीन के नीचे मिले नोटों से भरे 3 ड्रम! कितने करोड़ की नकदी?
बता दें कि 30 अक्टूबर को बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा जा रहा एक हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास ‘चाई’ गांव के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस हादसे में पांच यात्रियों और पायलट की मौत हो गई थी.
इस हेलीकॉप्टर के पायलट की पहचान कैप्टन हिमांशु सभरवाल के रूप में हुई थी. यात्रियों में शामिल सभी लोग कर्नाटक के रहने वाले थे. इनमें बेंगलुरु पुलिस की सेंट्रल क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर अरुण सालुंके, तुमकुरू के व्यवसायी एचएस नटराज, बेंगलुरु के व्यवसायी प्रताप बचिहल्ली निंगराजू, बेंगलुरु के वकील सुधीर के. और वकील शंकर गौड़ा वीबी शामिल थे.
यह हेलीकॉप्टर ‘ट्रांसभारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड’ की ओर से संचालित किया जा रहा था. हादसे के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया था कि प्रारंभिक जांच के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की एक टीम को देहरादून भेजा गया है.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुखद हेलीकॉप्टर हादसे की जांच के आदेश पहले ही दे दिए थे. वहीं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शनिवार को कहा था कि विमान हादसे में जान गंवाने वालों के शवों को वापस लाने के लिए सभी इंतजाम कर लिए गए हैं.
BY IANS
उत्तराखंड: जोशीमठ के बाद हेलीकॉप्टर हादसे में मारे गए 6 लोगों के शव बरामद, एम्स ऋषिकेश ले जाए गए
