करवा चौथ वाले दिन सनसनीखेज हत्यकांड: पति ने किया पत्नी का मर्डर
करवा चौथ वाले दिन सनसनीखेज हत्यकांड: पति ने किया पत्नी का मर्डर
ग्वालियर में करवा चौथ के दिन पति ने पत्नी की हत्या कर दी। महिला ने करवा चौथ का व्रत रखा था। गुरुवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पति आनंद ने पत्नी मधु श्रीवास्तव के सिर पर मूसली से कई वार किए। इससे मधु की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी पति ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। घटना मुरार थाना क्षेत्र के त्यागी नगर में डिफेंस स्कूल के पास की है।
2010 में किया था प्रेम विवाह
जानकारी के मुताबिक, आनंद और मधु ने 2010 में प्रेम विवाह किया था। दोनों के एक बेटा और एक बेटी हैं। बच्चे अभी बात करने की स्थिति में नहीं हैं, इसलिए पति-पत्नी के बीच विवाद की वजह पता नहीं चल सकी है।
आशंका है कि आरोपी ने पहले गला दबाकर पत्नी की हत्या की और फिर मूसली से उसके सिर पर कई वार किए। कहा ये भी जा रहा है कि आनंद की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पति ने पुलिस के आने के बाद घर का दरवाजा खोला
आकाश राणा ने बताया कि वह आरोपी के घर से कुछ दूरी पर रहता है। उसे थाने से फोन आया था कि उसके इलाके में कोई घटना हुई है। सूचना मिलने के बाद वह पुलिस के साथ काफी देर तक त्यागी नगर में तलाश करता रहा।
इस दौरान आरोपी पति लगातार फोन पर पुलिस के संपर्क में था। वह कह रहा था कि पुलिस के आने के बाद ही घर का दरवाजा खोलेगा। आकाश के मुताबिक, जब वह पुलिस के साथ घर के अंदर पहुंचा, तब मधु की हत्या हो चुकी थी।
आशंका है कि आरोपी पति ने पहले पत्नी का गला घोंटा, फिर मसाला कूटने वाली मूसली से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे सिर बुरी तरह कुचल गया था। आकाश ने बताया कि आरोपी पहले एक कुत्ते को भी मार चुका है।
पड़ोसी बोले- बेरोजगार और मानसिक रूप से कमजोर था
वहीं, पड़ोसियों के मुताबिक, आरोपी बेरोजगार था और उसे मानसिक रूप से कमजोर बताया जाता था। वह आए दिन घर में चिल्लाता रहता था। घटना के समय दूसरे कमरे में मधु की भाभी और उसके दोनों बच्चे, बेटा-बेटी, मौजूद थे।
हालांकि, उन्होंने किसी तरह की चीखने-चिल्लाने की आवाज नहीं सुनने की बात कही।
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। पुलिस हत्या की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
