जमीन के नीचे से निकला ‘खजाना’: गड्ढा खोदकर दबाए थे नोटों से भरे 3 ड्रम, गिनती के लिए मंगाई गईं मशीनें

cash filled drums Prayagraj

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)

The Hindi Post

जमीन के नीचे से निकला ‘खजाना’: गड्ढा खोदकर दबाए थे नोटों से भरे 3 ड्रम, गिनती के लिए मंगाई गईं मशीनें

 

प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर रामनगर गांव में 28 अक्टूबर को पुलिस ने एक मकान में छापेमारी कर जमीन में छिपाई गई भारी मात्रा में नकदी बरामद की. इस नकदी को प्लास्टिक के तीन ड्रमों में भरकर जमीन में गड्ढा खोदकर दबाया गया था. नोटों की सही गिनती के लिए मौके पर कई करेंसी काउंटिंग मशीनें मंगाई गई थी.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर कुख्यात अपराधियों और सेंधमारी करने वाले गिरोहों के विरुद्ध एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के दौरान पुलिस को बरईपुर गांव स्थित मकान में बड़ी मात्रा में नकदी छिपाकर रखे जाने की गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली जहां जमीन के नीचे से नोटों से भरे ड्रम बरामद किए गए.

स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों द्वारा बरामद रकम करीब 60 करोड़ रुपये होने का दावा किया जा रहा है, हालांकि पुलिस प्रशासन ने अभी तक कुल राशि के आधिकारिक आंकड़े की पुष्टि नहीं की है. डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार ने कहा कि अभियान के तहत मकान पर कार्रवाई की गई है और मौके से मिली नकदी की गिनती कराई जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह रकम किसकी है और इसे जमीन के अंदर छिपाकर रखने का मुख्य उद्देश्य क्या था.

पुलिस के अनुसार, रुपयों से भरे तीन ड्रम बरामद किए गए है और जांच जारी है.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!