‘कपड़े फाड़े, चोटें आई, लहूलुहान छोड़ा’, इस युवती ने लगाया राष्ट्रपति ट्रंप पर रेप का आरोप
फोटो: आईएएनएस
‘कपड़े फाड़े, चोटें आई, लहूलुहान छोड़ा’, इस युवती ने लगाया राष्ट्रपति ट्रंप पर रेप का आरोप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की ज्यूडिशियरी कमेटी से जुड़े डेमोक्रेटिक सदस्यों की 53 पन्नों की एक रिपोर्ट में ट्रंप पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को दोबारा उठाया गया है. रिपोर्ट में पूर्व मिस स्विट्जरलैंड और मॉडल बीट्रिस क्युल के दावों का हवाला देते हुए आरोप लगाया गया है कि नवंबर 1993 में ट्रंप ने उनके साथ दुष्कर्म किया था.
रिपोर्ट के अनुसार, क्युल की मुलाकात ट्रंप से तब हुई थी जब वह 24 वर्ष की थीं. यह मुलाकात न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल में आयोजित एक प्रतियोगिता के दौरान हुई थी जिसके मालिक उस समय ट्रंप थे. क्युल का दावा है कि ट्रंप ने उन्हें वीजा दिलाने और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में दाखिला दिलाने का आश्वासन दिया था. बाद में जेफरी एपस्टीन ने उनसे संपर्क कर उन्हें मार-ए-लागो में एक पार्टी के लिए आमंत्रित किया.
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि बाद में ट्रंप के एक प्रतिनिधि ने क्युल को अटलांटिक सिटी स्थित ट्रंप प्लाजा होटल के एक कमरे में बुलाया जहां ट्रंप ने उनके साथ दुष्कर्म किया. क्युल का दावा है कि इस दौरान उनके कपड़े फट गए और उन्हें चोटें आईं. उन्होंने इस घटना को बेहद क्रूर बताया है.
रिपोर्ट में ट्रंप और कुख्यात यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के कथित संबंधों का भी उल्लेख किया गया है. एपस्टीन की 2019 में नाबालिग लड़कियों की यौन तस्करी के आरोपों के बीच हिरासत में मौत हो गई थी जिसे आधिकारिक तौर पर आत्महत्या करार दिया गया था.
हालांकि, व्हाइट हाउस ने रिपोर्ट में लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है. प्रशासन का कहना है कि इसका मकसद राष्ट्रपति ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से जनता का ध्यान भटकाना है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
