यूपी कैबिनेट के बड़े फैसले: सीएम योगी की अध्यक्षता में सभी 22 प्रस्ताव मंजूर; शिक्षकों को कैशलेस इलाज और गाय पालन पर 50 फीसदी….
यूपी के मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ की फाइल फोटो (आईएएनएस)
यूपी कैबिनेट के बड़े फैसले: सीएम योगी की अध्यक्षता में सभी 22 प्रस्ताव मंजूर; शिक्षकों को कैशलेस इलाज और गाय पालन पर 50 फीसदी….
लखनऊ| मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में सभी 22 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई. बैठक में ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य, परिवहन, उद्योग और न्यायिक सुधार से जुड़े कई बड़े फैसले लिए गए.
प्रमुख निर्णय संक्षेप में:
पशुपालन व ग्रामीण आजीविका: प्रदेश में ‘स्टेट लाइवस्टॉक मिशन’ का गठन. गाय पालन पर 50 प्रतिशत तक सब्सिडी, पशु बीमा प्रीमियम का 85 प्रतिशत हिस्सा सरकार वहन करेगी और गरीब परिवारों को 100 मुर्गियों के चूजे मुफ्त मिलेंगे.
शिक्षकों व कर्मियों को स्वास्थ्य सुरक्षा: बेसिक और माध्यमिक शिक्षा के पात्र शिक्षकों तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा.
जल परिवहन नियमावली: गंगा, सरयू समेत 11 नदियों में जलमार्ग को बढ़ावा देने के लिए ‘उत्तर प्रदेश अंतर्देशीय जलयान नियमावली’ मंजूर. नावों-स्टीमरों का अनिवार्य पंजीकरण और नाविकों व यात्रियों का बीमा होगा.
मर्जर-डीमर्जर में स्टांप छूट: कंपनियों के विलय और विभाजन (Merger-Demerger) की प्रक्रिया सुगम बनाने के लिए स्टांप ड्यूटी से जुड़े नियमों में सुधार.
पंचायत मतदाता पात्रता: 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके और गांव में कम से कम 6 महीने से रह रहे नागरिक अब पंचायत मतदाता सूची में शामिल होने के पात्र होंगे.
ग्रेटर नोएडा में भारी निवेश: हायर इलेक्ट्रॉनिक्स के लगभग 12,000 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के लिए ‘लेटर ऑफ कंफर्ट’ जारी.
सैनिक स्कूल विस्तार: मैनपुरी स्थित सैनिक स्कूल के आधुनिक विस्तार के लिए रक्षा मंत्रालय को 9.524 हेक्टेयर भूमि हस्तांतरित करने को मंजूरी.
भंडारगृह और न्यायिक आवास: कृषि उपज के भंडारण हेतु झांसी (परवई) व ललितपुर में जमीन आवंटन; इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिकारियों के आवास निर्माण के लिए 543 करोड़ रुपये मंजूर.
BY IANS
