अमानवीय : “कपड़े उतारो या फिर….”, प्रेम प्रसंग के चलते युवक और उसके पिता को निर्वस्त्र कर घुमाया, दबंगों ने….

KOLKATA POLICE

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

अमानवीय : “कपड़े उतारो या फिर….”, प्रेम प्रसंग के चलते युवक और उसके पिता को निर्वस्त्र कर घुमाया, दबंगों ने….

 

कोलकाता | कोलकाता के दक्षिणी बाहरी इलाके से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। प्रेम प्रसंग की वजह से एक शख्स और उसके पिता को निर्वस्त्र कर घुमाए जाने का मामला सामने आया है।

यह घटना सरसुना थाना क्षेत्र के बसुंधरा पार्क इलाके में हुई। इस घटना के बाद वहां भारी तनाव फैल गया और लोगों में काफी आक्रोश है। कोलकाता पुलिस ने सोमवार को बताया कि मामले में युवती के पिता और चाचा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, युवती बेहाला इलाके के सरसुना के रहने वाले एक युवक के साथ रिश्ते में थी। बताया जा रहा है कि युवती के परिवार वाले शुरू से ही इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे। रविवार को जब युवती के रिश्तेदारों ने दोनों को एक साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया, तो यह विवाद हिंसक हो गया।

आरोप है कि युवती के पिता और चाचा ने युवक को घर के अंदर बंद कर दिया और उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। इसके बाद युवक के पिता को भी मौके पर बुला लिया गया। इस मामले में सबसे हैरान कर देने वाली बात तो यह रही कि युवती के परिजनों ने युवक के पिता को बंदूक देकर बेटे को गोली मारने के लिए कहा।

पुलिस के मुताबिक, परिवार ने युवक के सामने दो विकल्प रखे थे, या तो उन्हें मौत का सामना करना पड़ेगा या फिर सड़क पर निर्वस्त्र होकर चलना पड़ेगा। इसके बाद युवक और उसके पिता को सबके सामने निर्वस्त्र होकर चलने के लिए मजबूर किया गया।

बताया जा रहा है कि युवक के एक दोस्त के साथ भी मारपीट की गई और उसे भी इसी तरह अपमानित किया गया।

कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “युवक के परिवार की शिकायत के आधार पर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आज उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस आगे की पूछताछ के लिए उनकी कस्टडी की मांग करेगी।”

इस घटना से स्थानीय लोग स्तब्ध और गुस्से में हैं। मारपीट और सार्वजनिक अपमान की खबर फैलते ही वहां भीड़ जमा हो गई और लोगों ने युवती के घर में तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मिलने पर सरसुना पुलिस मौके पर पहुंची। तनाव बढ़ने पर युवती के पिता और परिवार के अन्य सदस्य वहां से फरार हो गए।

हालांकि, भीड़ ने उसके चाचा को पकड़ लिया, उसके साथ मारपीट की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रविवार देर रात युवती के पिता और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवती का परिवार पहले स्थानीय टीएमसी नेताओं के काफी करीब था। उनका कहना है कि इसी वजह से उनमें कथित तौर पर अहंकार आ गया था। उन्होंने इस मामले के आरोपियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की।

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए, सामाजिक कार्यकर्ता शाश्वती घोष ने घटना को अंजाम देने वालों और वहां मौजूद चश्मदीदों, दोनों के बर्ताव पर सवाल उठाए। घोष ने कहा, “जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया, वे मानसिक रूप से असंतुलित हैं। जो लोग वहां मौजूद थे, क्या उन्हें इसमें मजा आ रहा था? या फिर उन्होंने इसका विरोध किया? इस बात की भी जांच होनी चाहिए।”

BY IANS

कोलकाता : प्रेम प्रसंग के चलते युवक और उसके पिता को निर्वस्त्र कर घुमाया, तीन लोग गिरफ्तार


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!