होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे तेल टैंकर पर हमला, लग गई आग, सवार थे 21 भारतीय

commerical ship attacked in Hormuz, 21 Indians were onboard (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे तेल टैंकर पर हमला, लग गई आग, सवार थे 21 भारतीय

 

नई दिल्ली | होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे एक तेल टैंकर पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ है. इस टैंकर पर 21 भारतीय नाविक सवार थे. हालांकि, राहत की बात है कि सभी नाविक पूरी तरह से सुरक्षित हैं. केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस बारे में जानकारी दी है.

यह घटना स्थानीय समय के अनुसार बुधवार को हुई. कुवैत के झंडे वाला तेल टैंकर एम/टी अल दसमा जब होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहा था तभी उस पर हमला हुआ. केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “21 अक्टूबर को कुवैत के झंडे वाले तेल टैंकर एम/टी अल दसमा पर, जिसमें 21 भारतीय नाविक थे, होर्मुज स्ट्रेट से गुजरते समय अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ. हमारे सभी 21 भारतीय चालक दल के सदस्य बाकी क्रू के साथ पूरी तरह से सुरक्षित हैं.”

उन्होंने लिखा, “हम स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और अपने नाविकों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए जहाज प्रबंधन कंपनी के साथ संपर्क में हैं.”

यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने भी इस हमले को ट्रैक किया. उनके अनुसार हमला ओमान के बुखा से 11 नॉटिकल मील पश्चिम में हुआ.

टाइम्स कुवैत की रिपोर्ट के अनुसार, हमले के बाद जहाज पर आग लग गई थी जिसे बाद में बुझा दिया गया. रिपोर्ट में कहा गया है कि टैंकर अभी भी वहीं रुका हुआ है और सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं.

यह हमला खाड़ी क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हो रहे हमलों से जुड़ी घटनाओं की श्रृंखला के बीच हुआ है. इससे पहले 16 अक्टूबर को होर्मुज स्ट्रेट में कच्चे तेल के टैंकर एमटी एसटी 3 पर प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ था. उस टैंकर पर 15 भारतीय नाविक सवार थे. उस घटना में भी सभी भारतीय नागरिक सुरक्षित बच गए थे और किसी के हताहत होने की खबर नहीं आई थी.

By IANS

होर्मुज स्ट्रेट में 21 भारतीय नाविकों वाले तेल टैंकर पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला, सभी सुरक्षित

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!