उन्नाव में महिला ने पड़ोसी के साथ मिलकर दूसरे पति की ली जान, बक्से में भरकर फेंका शव
उन्नाव में महिला ने पड़ोसी के साथ मिलकर दूसरे पति की ली जान, बक्से में भरकर फेंका शव
उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. पुलिस के अनुसार, 42 वर्षीय नेहा ने अपने पड़ोसी किराएदार और प्रेमी जितेंद्र उर्फ राहुल (42) के साथ मिलकर अपने दूसरे पति सोनू (30) की हत्या कर दी. इसके बाद शव को चादर व कंबल में लपेटकर लोहे के बड़े बक्से में बंद किया और रायबरेली-उन्नाव हाईवे किनारे फेंक दिया. पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात हेल्थ हॉस्पिटल के सामने सड़क किनारे रखे संदिग्ध बक्से से खून से लथपथ शव बरामद हुआ. सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक पिकअप (यूपी 35 एटी 1938) बक्सा ले जाता दिखा. वाहन मालिक से पूछताछ में सामने आया कि नेहा ने कमरा बदलने के बहाने 1,200 रुपये में गाड़ी तय की थी. हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर नेहा ने जुर्म कबूल कर लिया.
जांच में सामने आया कि नेहा पहले पति को 8 साल पहले छोड़कर खुद से 12 साल छोटे सोनू के साथ रहने लगी थी. दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था जिसके चलते नेहा का अफेयर कथित तौर पर पड़ोसी जितेंद्र से हो गया. आरोप है कि 19 अक्टूबर की रात नेहा और जितेंद्र ने सिलबट्टे (लोढ़ा-बट्टा) से सोनू के सिर पर वार किया और कंबल से मुंह दबाकर उसकी जान ले ली. इसके बाद शव को बक्से में बंद कर पिकअप के जरिए हाईवे किनारे फिंकवा दिया गया. इस काम में तौहीद और एक नाबालिग ने भी कथित तौर पर साथ दिया था. पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
