ग्रेटर नोएडा में 5 लोगों की मौत मामला: महेश की दो बहनें और बहनोई गिरफ्तार, वॉयस नोट से हुआ खुलासा
(फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)
ग्रेटर नोएडा में 5 लोगों की मौत मामला: महेश की दो बहनें और बहनोई गिरफ्तार, वॉयस नोट से हुआ खुलासा
ग्रेटर नोएडा | उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मृतक महेश की बड़ी बहन, बहनोई और छोटी बहन को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने रविवार को बताया कि ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव उनके घर के अंदर मिले थे जिनकी मौत एक लंबे समय से चल रहे संपत्ति विवाद के बीच आत्महत्या से जुड़ी होने का संदेह है. पुलिस के अनुसार, अभी तक मकान को लेकर पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है.
आरोप है कि दोनों बहनों और बहनोई ने मां को भड़काकर संपत्ति अपने नाम कराने का प्रयास किया और महेश व उसकी पत्नी को प्रताड़ित किया. पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ की. इसके बाद औपचारिक तौर पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
मृतक महेश के साले की तहरीर पर तीनों के खिलाफ थाना रबूपुरा में मुकदमा दर्ज किया गया है. उसने आरोप लगाया कि परिवार को उत्पीड़न का शिकार बनाया गया था.
इस मामले में रविवार को तब एक नया मोड़ आया जब पुलिस ने महेश की ओर से अपनी मृत्यु से पहले कथित तौर पर अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किए गए एक वॉयस नोट की जांच की. पुलिस के मुताबिक, महेश के मोबाइल से एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है जिसमें उसने अपनी बड़ी बहन सुनीता, बहनोई शेखर और छोटी बहन सपना को घटना का जिम्मेदार बताया है.
यह मामला ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र के नगला पदम गांव से सामने आया था. महेश, उनकी पत्नी ललिता और उनके तीन बच्चे शनिवार को अपने घर के अंदर मृत पाए गए थे. पोस्टमार्टम जांच में जहर के लक्षण पाए गए जिसके चलते डॉक्टरों ने आगे की जांच के लिए सभी पांच मृतकों के आंतरिक अंगों के नमूने सुरक्षित रख लिए.
परिवार ने कथित तौर पर पिछली रात चाय और नूडल्स का सेवन किया था. अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला परीक्षणों के परिणाम प्राप्त होने के बाद ही मृत्यु के सटीक कारण का पता चल पाएगा.
BY IANS
अस्वीकरण: यह लेख समाचार एजेंसी IANS द्वारा लिखा गया है. TheHindiPost.In ने इसे न तो लिखा, न संपादित किया है और न ही स्वतंत्र रूप से सत्यापित किया है. TheHindiPost.In इस लेख में दी गई जानकारी के लिए किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी नहीं लेता है.
