क्या आईसीयू में भर्ती हैं वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी? अपोलो अस्पताल के डॉक्टर ने दी पूरी जानकारी
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी दिल्ली AIIMS में भर्ती (फाइल फोटो | आईएएनएस)
क्या आईसीयू में भर्ती हैं वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी? अपोलो अस्पताल के डॉक्टर ने दी पूरी जानकारी
नई दिल्ली | भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शनिवार को अस्पताल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, लाल कृष्णा अडवाणी फिलहाल आईसीयू में हैं और सीनियर कंसल्टेंट न्यूरोलॉजी डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं.
शनिवार सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा नई दिल्ली स्थित अपोलो अस्पताल पहुंचे और आडवाणी का हेल्थ अपडेट लिया. बता दें कि शुक्रवार देर शाम आडवाणी को अस्पताल लाया गया था. मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों के मुताबिक, 98 वर्षीय आडवाणी को शाम 7:30 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
इसी साल मई के महीने में भी उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती किया गया था. कुछ दिनों तक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी. इससे पहले दिसंबर 2024 में भी पूर्व उप प्रधानमंत्री को मेडिकल जांच और इलाज के लिए इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था. उस वक्त भी वह डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में थे.
लालकृष्ण आडवाणी भाजपा के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं. उन्होंने तीन बार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली है. वह 1986 से 1990 तक, 1993 से 1998 तक और 2004 से 2005 तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे.
उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में अहम भूमिका निभाई. वह 1998 से 2004 तक केंद्रीय गृह मंत्री रहे और 2002 से 2004 तक देश के उप प्रधानमंत्री पद पर रहे. लालकृष्ण आडवाणी मुख्य रूप से दो अलग-अलग अवधियों में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रहे हैं. फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है और वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं. पार्टी के कई नेता और समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.
BY IANS
लालकृष्ण आडवाणी अपोलो अस्पताल के आईसीयू में भर्ती, डॉ. विनीत सूरी की निगरानी में चल रहा इलाज; हालत स्थिर
