राजस्थान: कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पुल से नीचे गिरी मिनी बस, 8 लोगों की मौत
घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है (आईएएनएस)
राजस्थान: कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पुल से नीचे गिरी मिनी बस, 8 लोगों की मौत
कोटा । राजस्थान के कोटा में शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक बस हादसा हुआ जिसमें भोपाल से खाटूश्याम जा रहे कम से कम 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई. इस दुर्घटना में करीब 15 लोग घायल हुए हैं. सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर यह हादसा कोटा के सिमलिया थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 6.30 बजे हुआ. एक मिनी बस भोपाल से खाटूश्याम जा रही थी. इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर मिनी बस अनियंत्रित हो गई और एक नाले के ऊपर बने पुल से जा टकराई. इसके बाद बस करीब 15 फीट की ऊंचाई से जा गिरी और चीख-पुकार मच गई.
बस दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जुट गई. तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई. मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस टीमों ने सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया और मृतकों के शवों को अपने कब्जे में ले लिया.
बताया गया कि घायलों को निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई. नाले में कीचड़ व पानी के कारण रेस्क्यू में परेशानी भी हुई. यह भी बताया गया कि इस मिनी बस में 25 से अधिक श्रद्धालु सवार थे.
कोटा ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा ने पुष्टि की है कि इस दुर्घटना में करीब 8 लोगों की मौत हो गई है और 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं. उन्होंने कहा है कि भोपाल से कुछ यात्री मिनी बस में खाटूश्याम की यात्रा करने के लिए जा रहे थे. सभी लोग अलग-अलग परिवारों से हैं लेकिन वे सभी एक-दूसरे को जानते हैं. जिसने इस यात्रा की योजना बनाई थी वो व्यक्ति भी इस बस में सवार था. उसका इलाज चल रहा है.
उन्होंने कहा कि कोटा के सिमलिया थाना क्षेत्र में 8 लेन वाले हाईवे पर मिनी बस पुल से नीचे गिर गई. पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण यह माना गया है कि रात के समय वाहन चलाने की वजह से मिनी बस चालक को शायद नींद की झपकी आई थी. इसी कारण बस अनियंत्रित हुई होगी.
जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने कहा कि जिन घायलों की स्थिति गंभीर है, उन्हे आईसीयू में भर्ती कराया गया है. सभी घायलों का लगातार इलाज चल रहा है.
By IANS
