केवल सड़क पर ही नहीं दौड़ेगी, अब हवा में भी उड़ेगी कार! एलन मस्क की टेस्ला रोडस्टर ने दिखाए चौंकाने वाले करतब
Photo: X/ElonMusk
केवल सड़क पर ही नहीं दौड़ेगी, अब हवा में भी उड़ेगी कार! एलन मस्क की टेस्ला रोडस्टर ने दिखाए चौंकाने वाले करतब
टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने दूसरी पीढ़ी की बहुप्रतीक्षित इलेक्ट्रिक सुपरकार टेस्ला रोडस्टर (Tesla Roadster) का आधिकारिक तौर पर अनावरण कर दिया है. पहली बार सामने आने के करीब नौ साल बाद, 15 अक्टूबर को टेक्सास के मैकग्रेगर स्थित स्पेसएक्स फैसिलिटी में आयोजित एक भव्य इवेंट के दौरान इस रीडिजाइन की गई कार का हैरतअंगेज लाइव प्रदर्शन किया गया.
कंपनी ने रॉकेट तकनीक के दम पर ‘उड़ने वाली कार’ की संकल्पना को हकीकत के एक कदम और करीब पहुंचा दिया, हालांकि इसके रोजमर्रा के इस्तेमाल में आने में अभी वक्त लगेगा.
इस सुपरकार में एलन मस्क की रॉकेट कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) से जुड़े आधुनिक कोल्ड-गैस थ्रस्टर्स और हाई-पावर विंग्स लगाए गए हैं.
Turns out the future does have flying cars https://t.co/6fexPp6SXI
— Elon Musk (@elonmusk) October 16, 2026
प्रदर्शन के दौरान रोडस्टर ने एक विशेष रूप से तैयार किए गए विशाल घुमावदार रैंप पर चढ़कर उल्टी दौड़ लगाई, हवा में चक्कर काटे और फिर जमीन पर सुरक्षित लैंडिंग की. इतना ही नहीं, थ्रस्टर्स की मदद से कार को जमीन से ऊपर उठकर साइबरकैब, साइबरट्रक, टेस्ला सेमी, मॉडल Y और मॉडल 3 जैसी कतार में खड़ी गाड़ियों के ऊपर से हवा में गुजरते हुए भी दिखाया गया.
रफ्तार, रेंज और परफॉर्मेंस के बड़े दावे:1 सेकंड में 0 से 96 किमी/घंटा:
टेस्ला का दावा है कि स्पेसएक्स पैकेज से लैस यह कार महज एक सेकंड में 0 से 60 मील प्रति घंटे (लगभग 96.5 किमी/घंटा) की हैरतअंगेज रफ्तार पकड़ सकती है.
Real life, baby https://t.co/3QEqn18wig
— Tesla (@Tesla) October 16, 2026
सिंगल चार्ज में रेंज: एक बार फुल चार्ज होने पर यह इलेक्ट्रिक सुपरकार लगभग 483 किलोमीटर (300 मील) की दूरी तय करने में सक्षम होगी.
तीन अलग-अलग वेरिएंट: कंपनी इसे तीन प्रमुख वेरिएंट—परफॉरमेंस, थ्रस्ट और रॉकेट में पेश करने की तैयारी कर रही है जिन्हें स्ट्रीट ड्राइविंग (सड़क पर सामान्य गाड़ी चलाना), हाई-स्पीड ट्रैक रेसिंग (रेसिंग ट्रैक पर तेज रफ्तार दौड़) और एरियल स्टंट्स (हवा में करतब) के हिसाब से तैयार किया गया है.
एलन मस्क ने इसे इंसानों द्वारा चलाई जाने वाली कारों में अब तक की सबसे बेहतरीन कार करार दिया है. कंपनी के अनुसार, टेस्ला रोडस्टर का व्यावसायिक उत्पादन 2028 में शुरू करने की योजना है. हालांकि, इसके उड़ने वाले फीचर और सड़क पर सुरक्षा नियमों को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं.
कंपनी ने कार की पूरी कीमत का खुलासा अभी नहीं किया गया है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
