बच्चे को सीने से चिपकाकर आग की लपटों से घिरी महिला छत से गिरी, दोनों की मौत, क्या है यह मामला ?

JHARKHAND News - married woman and her son engulfed in flames fall from top, both die

फोटो | आईएएनएस

The Hindi Post

बच्चे को सीने से चिपकाकर आग की लपटों से घिरी महिला छत से गिरी, दोनों की मौत, क्या है यह मामला ?

 

धनबाद | झारखंड के धनबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 23 वर्षीय महिला और उसके 10 माह के बेटे की मौत हो गई है. मृतका के पिता मोहम्मद गुलाम रसूल ने ससुराल पक्ष पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला ने बच्चे को सीने से चिपकाकर खुद को आग लगा ली थी. इसके बाद दोनों छत से नीचे गिर गए. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान गुरुवार को मां-बेटे ने दम तोड़ दिया. घटना भूली ओपी क्षेत्र के आजाद नगर की है. मृतकों की पहचान सहाना खातून और उसके बेटे फैजान के रूप में हुई है.

बताया जा रहा है कि बुधवार को आग की चपेट में आने के बाद महिला बच्चे को लेकर छत से नीचे गिर गई. वह पड़ोसी अधिवक्ता के कार्यालय की छत के एस्बेस्टस शेड को तोड़ते हुए नीचे रखी मेज पर जा गिरी. आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को गंभीर हालत में बाहर निकाला और तत्काल अशर्फी अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी.

भूली ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर ने मां-बेटे की मौत की पुष्टि की है. पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है.

इधर, मृतका के पिता मोहम्मद गुलाम रसूल ने ससुराल पक्ष पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि शादी के बाद से ही सहाना को परेशान किया जाता था और घटना से एक दिन पहले भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था.

परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की है. दूसरी ओर, सहाना के पति शहनवाज अंसारी उर्फ राजा ने इन आरोपों से इनकार किया है. उसका कहना है कि घटना के समय वह परिवार के साथ बाजार गया था. लौटने पर दोनों को अस्पताल ले जाया गया.

मृतका के पिता के लिखित बयान पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है.

BY IANS

झारखंड: बच्चे को सीने से चिपकाकर आग की लपटों से घिरी महिला छत से गिरी, दोनों की मौत, ससुर-पति गिरफ्तार

 

अस्वीकरण: यह लेख समाचार एजेंसी IANS द्वारा लिखा गया है. TheHindiPost.In ने इसे न तो लिखा, न संपादित किया है और न ही स्वतंत्र रूप से सत्यापित किया है. TheHindiPost.In इस लेख में दी गई जानकारी के लिए किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी नहीं लेता है.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!