विधायक पुत्र के अपहरण की खबर से मच गया हड़कंप, पुलिस ने डेढ़ घंटे बाद ही किया बरामद, हुआ चौंकाने वाला खुलासा

Ranchi MLA’s Son

झारखंड के चतरा से लोजपा के विधायक जनार्दन पासवान के पुत्र सौरभ की फाइल फोटो / (क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

विधायक पुत्र के अपहरण की खबर से मचा हड़कंप, पुलिस ने डेढ़ घंटे बाद ही किया बरामद, हुआ चौंकाने वाला खुलासा

 

रांची | झारखंड के चतरा से लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के विधायक जनार्दन पासवान के पुत्र सौरभ को पुलिस ने सोमवार को विधानसभा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया. सौरभ रांची स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी में लॉ का छात्र है.

प्रारंभिक पूछताछ में उसके खुद अपनी मर्जी से दोस्तों के साथ जाने की बात सामने आई है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.

इससे पहले, विधायक जनार्दन पासवान ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके बेटे का एमिटी यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट के पास से कुछ अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया है. विधायक के अनुसार, तीन-चार स्कॉर्पियो वाहनों में पहुंचे लोगों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की और उसे जबरन अपने साथ ले गए.

उन्होंने बताया था कि सौरभ का मोबाइल फोन बंद आ रहा था और उसकी थार गाड़ी विश्वविद्यालय के गेट के बाहर खड़ी मिली थी. सूचना मिलते ही रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं.

पुलिस ने विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संभावित रास्तों पर वाहनों की जांच शुरू की. इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसके मोबाइल लोकेशन को ट्रैक करते हुए करीब डेढ़ घंटे बाद सौरभ को विधानसभा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया.

पुलिस अब सौरभ से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ले रही है. उसके दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह विश्वविद्यालय से कब और किन परिस्थितियों में निकला तथा उसके बाद किन लोगों के साथ रहा.

विधायक की ओर से लगाए गए अपहरण और मारपीट के आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस की जांच और पूछताछ पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि घटनाक्रम वास्तव में किस तरह हुआ था.

By IANS

रांचीः अपहरण की सूचना के डेढ़ घंटे बाद पुलिस ने विधायक पुत्र को सकुशल बरामद किया

 

अस्वीकरण: यह लेख समाचार एजेंसी IANS द्वारा लिखा गया है. TheHindiPost.In ने इसे न तो लिखा, न संपादित किया है और न ही स्वतंत्र रूप से सत्यापित किया है. TheHindiPost.In इस लेख में दी गई जानकारी के लिए किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी नहीं लेता है.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!