19 साल की युवती थी आठ माह की गर्भवती, कर दी गई उसकी हत्या, होने वाले बच्चे की भी चली गई जान
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
19 साल की युवती थी आठ माह की गर्भवती, कर दी गई उसकी हत्या, होने वाले बच्चे की भी चली गई जान
खूंटी | झारखंड के खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र से आठ माह की गर्भवती 19 वर्षीय युवती की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके कथित प्रेमी 20 वर्षीय सागर ओड़ेया को गिरफ्तार किया है और उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की तैयारी चल रही है. पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के दौरान युवती के गर्भ से मृत शिशु भी मिला. इसके बाद पुलिस ने मामले में दोहरे हत्याकांड के पहलू से जांच शुरू की है.
मृतका अड़की थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और सागर ओड़ेया के साथ करीब दो वर्षों से उसके संबंध थे. पुलिस के अनुसार, युवती के गर्भवती होने के बाद वह सागर पर उसे और होने वाले बच्चे को स्वीकार करने का दबाव बना रही थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था. पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब दो महीने पहले सागर ने कथित तौर पर दूसरी युवती को अपने घर में रखना शुरू किया था. इसके बाद पहली युवती और सागर के बीच तनाव और बढ़ गया.
पुलिस के मुताबिक, युवती अपने और अजन्मे बच्चे के भविष्य को लेकर सागर से लगातार बातचीत कर रही थी. वह 2 सितंबर को सागर के घर पहुंची थी. इसके बाद 4 सितंबर से उसका कोई पता नहीं चला. परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान रविवार को पंगुरा गांव के जंगल में उसका शव मिला. शव मिलने की सूचना पर डीएसपी मंगल सिंह जामुदा और मुरहू थाना प्रभारी गॉडविन केरकेट्टा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम के दौरान गर्भ में मृत शिशु मिलने की जानकारी सामने आई. मुरहू थाना पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सागर ओड़ेया ने युवती की हत्या की बात स्वीकार की है. पुलिस का दावा है कि आरोपी युवती को बहाने से जंगल की ओर ले गया, जहां विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी. पुलिस घटना के कारणों, घटनास्थल और हत्या में इस्तेमाल तरीके समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
By IANS
झारखंड के खूंटी में आठ माह की गर्भवती युवती की हत्या, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार
