सागर में 9 लोगों की मौत से मचा हड़कंप, क्या है इसका कारण ?
सागर में 9 लोगों की मौत से मचा हड़कंप, क्या है इसका कारण ?
सागर (मध्य प्रदेश) | मध्य प्रदेश के सागर जिले से बड़ी खबर सामने आई है. यहां कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है, जबकि लगभग 35 अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी.
इलाज करा रहे कुछ मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है. इन सभी को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया है.
जिला कलेक्टर प्रतिभा पाल के कहा कि सुबह से ही कथित तौर पर अवैध शराब पीने से मौतों और लोगों के बीमार पड़ने की सूचनाएं मिल रही थीं जिसके मद्देनजर सिविल अस्पताल में त्वरित जांच शुरू कर दी गई है.
उन्होंने कहा, “सुबह से कथित तौर पर अवैध शराब पीने के कारण बीमार पड़ने और मौतों की सूचना मिल रही है और सिविल अस्पताल में इस मामले की जांच की जा रही है.”
शराब का सेवन करने वाले संभावित लोगों की मेडिकल जांच और पहचान के लिए नौरा और घुघरू गांवों सहित प्रभावित इलाकों में मेडिकल टीमों और अधिकारियों को तैनात किया गया है.
प्रभावित मरीजों का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने शरीर में साइनोसिस (त्वचा का नीला पड़ना) और मांसपेशियों में अकड़न जैसे लक्षणों की जानकारी दी है.
पाल ने उन सभी लोगों से तत्काल मेडिकल जांच कराने की अपील की है जिन्होंने पिछले 24 से 48 घंटों में किसी भी प्रकार की शराब का सेवन किया है या जिनमें कोई लक्षण नजर आ रहे हैं.
उन्होंने कहा, “स्क्रीनिंग के लिए चिन्हित दो गांवों – नौरा और घुघरू सहित आसपास के इलाकों में डॉक्टरों की हमारी टीम और एसडीएम की टीम भी मौजूद है. जो भी व्यक्ति लक्षण महसूस कर रहा है या जिसने पिछले 24 से 48 घंटों में किसी भी प्रकार की शराब का सेवन किया है, उसे डॉक्टर से जांच करानी चाहिए.”
जिला कलेक्टर ने कहा कि लोग जांच के लिए सिविल अस्पताल या किसी अन्य स्वास्थ्य केंद्र से भी संपर्क कर सकते हैं. साथ ही प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
एहतियात के तौर पर इलाके की छह शराब दुकानों को सील कर दिया गया है और अधिकारियों को संदिग्ध शराब के नमूने एकत्र करने के निर्देश दिए गए हैं.
सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने नौरा और घुघरू खुर्द गांवों का दौरा किया, प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उपचाराधीन मरीजों के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की.
पुलिस ने संदिग्ध जहरीली शराब के स्रोत का पता लगाने और इसकी आपूर्ति में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है. अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौत के सटीक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी.
इस बीच, सागर जिला प्रशासन ने भी अपील की है कि शराब पीने के बाद उल्टी, सिरदर्द या बुखार जैसे लक्षणों का सामना कर रहे लोग बिना देरी किए तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे.
By IANS
मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब पीने से नौ लोगों की मौत, 35 अस्पताल में भर्ती
