पाकिस्तान में ढहाया गया 100 साल पुराना हिंदू मंदिर
पाकिस्तान में ढहाया गया 100 साल पुराना हिंदू मंदिर
इस्लामाबाद | पाकिस्तान के पंजाब प्रांत स्थित नारोवाल शहर में 100 वर्ष से भी अधिक पुराने हिंदू मंदिर को ध्वस्त कर दिया गया है. इससे व्यापक स्तर पर रोष फैल गया है.
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अल्पसंख्यक अधिकार समूह का आरोप है कि पास के एक मदरसे के विस्तार के लिए इस ऐतिहासिक ढांचे को जानबूझकर तोड़ा गया. संगठन ने मंदिर को उसके मूल स्वरूप में दोबारा बनवाने की मांग की है.
पंजाब के नारोवाल शहर स्थित सिराज गांव में यह मंदिर 21 अगस्त को ढहाया गया था. देश के प्रमुख दैनिक समाचार पत्र ‘डॉन’ के अनुसार, अल्पसंख्यकों के अधिकारों के लिए काम करने वाली ‘पाकिस्तान मसीहा मिल्लत पार्टी’ (पीएमएमपी) ने बताया कि कुछ लोगों के समूह ने मिलकर इस ढांचे को ध्वस्त किया है.
पीएमएमपी के अध्यक्ष असलम परवेज सहोत्रा ने कहा कि उन्होंने और अन्य स्थानीय निवासियों ने 28 अगस्त को पंजाब के अतिरिक्त गृह सचिव को एक लिखित आवेदन सौंपा है. इसमें मंदिर गिराने के जिम्मेदार लोगों और इस धार्मिक स्थल की सुरक्षा करने में नाकाम रहे अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है.
सहोत्रा ने बताया कि ‘इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड’ (ईटीपीबी) ने मंदिर के पास की जमीन एक मदरसे को लीज पर दी थी. हालांकि, कई वर्षों तक किराया न चुकाए जाने के कारण इस लीज को रद्द कर दिया गया था. ‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में इस संपत्ति के कुछ हिस्सों पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया.
उन्होंने आगे कहा कि सियालकोट स्थित ईटीपीबी के उप निदेशक द्वारा जनवरी में मदरसे की लीज रद्द करने, अवैध कब्जाधारियों को बेदखल करने और संपत्ति को सील करने का आदेश जारी किया गया था, जिसे “कभी लागू ही नहीं किया गया.”
पीएमएमपी ने मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग करते हुए पंजाब सरकार से मंदिरों, गुरुद्वारों, चर्चों और उनकी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है.
आईएएनएस/हिंदी पोस्ट डॉट इन
