सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड मामला : ADG लॉ एंड ऑर्डर ने किया बड़ा खुलासा…
फोटो: आईएएनएस
सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड मामला : ADG लॉ एंड ऑर्डर ने किया बड़ा खुलासा…
लखनऊ | उत्तर प्रदेश के शामली में हुए हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड मामले को लेकर आईएएनएस से बात करते हुए एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है और दो शूटर्स को एनकाउंटर में मार गिराया गया है. ये शूटर्स प्रोफेशनल थे. इनमें से एक शूटर का लगभग 15 अपराधों का क्रिमिनल रिकॉर्ड है.
एडीजी अमिताभ यश ने कहा, “26 अगस्त को शामली में अंकित बालियान की चार शूटर्स ने हत्या कर दी थी. उन्होंने कई राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए. सीसीटीवी में उनकी फुटेज कैद हुई थी जिससे पता चला कि चारों शूटर दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर भागे थे. घटना के कुछ देर बाद ही बोगी गैंग के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई जिसमें भोले शाहपुरिया ने दावा किया कि उसी ने या उसकी गैंग ने इस हत्या को अंजाम दिया है.”
उन्होंने आगे कहा, “इस सोशल मीडिया पोस्ट की ऑथेंटिसिटी तो वेरीफाई नहीं हो पाई लेकिन पुलिस ने हर एंगल पर तफ्तीश शुरू की और आज सुबह इस गैंग के दो शूटर्स को मार गिराने में सफलता प्राप्त हुई है. इनके पास से अत्याधुनिक हथियार मिले हैं और इन्होंने पुलिस पर भारी फायरिंग की जिसमें दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.”
एडीजी ने बताया कि जांच अभी भी जारी रहेगी क्योंकि दो अन्य शूटर्स को ट्रैक करना बाकी है. इसके अलावा गैंग के जो अन्य सदस्य हैं, जिन्होंने इस पूरी साजिश को अंजाम दिया है, उन सभी को भी न्याय के दायरे में लाया जाना जरूरी है.
अमिताभ यश ने बताया कि एनकाउंटर में मारे गए दो शूटर्स की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है. इनमें से एक शूटर का लगभग 15 अपराधों का क्रिमिनल रिकॉर्ड है, जबकि दूसरे शूटर का पहले सिर्फ एक ही अपराध का रिकॉर्ड है.
उन्होंने कहा, “जिस तरह इन्होंने एक बहुत ही दुर्दांत घटना को अंजाम दिया था, उससे साफ है कि ये प्रोफेशनल शूटर्स थे और इनके द्वारा और भी हत्याएं की गई होंगी, क्योंकि इनका कार्यक्षेत्र आउटर दिल्ली, हरियाणा है, जहां कई इस प्रकार की घटनाएं हुई हैं जिनका अनावरण नहीं हुआ है.”
BY IANS
अंकित हत्याकांड : मारे गए शूटर्स प्रोफेशनल, एक पर 15 केस : एडीजी अमिताभ
