पहले प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारा फिर अपने बेटे का गला घोंट दिया, महिला के नाजायज रिश्ते ने उजाड़ दिया परिवार
पहले प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारा फिर अपने बेटे का गला घोंट दिया, महिला के नाजायज रिश्ते ने उजाड़ दिया परिवार
बेंगलुरु | बेंगलुरु के चिक्काबनावरा से सामने आए दोहरे हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है. पुलिस ने मृतक की पत्नी हरिणी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, हरिणी ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पहले पति की हत्या की और फिर जुर्म छिपाने के लिए अपने ही मासूम बच्चे का गला घोंट दिया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी हरिणी ने अपने कथित प्रेमी विनय की मदद से पति अभिनंदन की हत्या कर दी. इस दौरान उनके मासूम बेटे यदुवीर ने पूरी वारदात को कथित तौर पर देख लिया था. राजफाश होने के डर से हरिणी ने कथित तौर पर अपने ही बच्चे का गला घोंटकर उसे भी मौत के घाट उतार दिया.
पुलिस को आशंका है कि इसके बाद हरिणी और विनय ने अभिनंदन के शव को बच्चे के शव पर रख दिया ताकि ऐसा प्रतीत हो कि अभिनंदन ने आत्महत्या करने या मारे जाने से पहले खुद अपने बच्चे की हत्या की थी.
तफ्तीश के दौरान वारदात वाली जगह पर विसंगतियां दिखने और खून के धब्बे मिलने के बाद इस कथित अपराध का खुलासा हुआ. इसके अलावा, हरिणी ने कथित तौर पर खून से सने कपड़े धोकर सूखने के लिए डाले हुए थे जिससे पुलिस का शक और गहरा गया.
पुलिस के अनुसार, हरिणी ने वारदात से पहले सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए थे. उसने हत्या की रात करीब 11 बजे विनय को अपने घर बुलाया था. कथित तौर पर दोनों ने मिलकर हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया जिसके बाद विनय मौके से फरार हो गया. पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ के दौरान हरिणी से करीब छह घंटे तक गहन पूछताछ की गई. पुलिस के अनुसार, आखिरकार उसने अपने पति और बेटे की हत्या करने की बात कबूल कर ली.
डीसीपी एन. नागेश ने बताया कि दंपति के बीच वैवाहिक विवाद चल रहा था और उनके बीच अक्सर झगड़े होते थे. हरिणी कुछ समय के लिए घर छोड़कर भी चली गई थी, हालांकि बाद में दोनों फिर से साथ रहने लगे थे. इसके अलावा, जांच में विनय के साथ हरिणी के कथित संबंधों की बात भी सामने आई है.
मृतक की रिश्तेदार जयम्मा ने पुलिस को बताया कि उन्हें काफी समय से हरिणी के आचरण पर संदेह था और उन्होंने गौर किया था कि उसे लगातार फोन आते रहते थे.
उन्होंने बताया कि हरिणी तीन महीने पहले एक पत्र छोड़कर घर से चली गई थी लेकिन परिवार ने इस बात को सभी से छिपा कर रखा ताकि दोनों के बीच सुलह हो सके और उनके आपसी मतभेद दूर हो जाएं.
पुलिस ने बताया कि अभिनंदन की कथित हत्या के समय बच्चे की मौजूदगी जांच में एक अहम कड़ी साबित हुई. जांचकर्ताओं को संदेह है कि हरिणी ने यह भांपने के बाद यदुवीर की हत्या कर दी कि उसने पूरी वारदात को देख लिया था.
हरिणी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया. घटनाक्रम के सटीक क्रम और दोहरे हत्याकांड के पीछे की मुख्य वजह का पता लगाने के लिए आगे की तफ्तीश जारी है.
अपने माता-पिता के इकलौते बेटे अभिनंदन के पास करोड़ों रुपये की संपत्ति थी. इस संपत्ति में चिक्काबनावरा इलाके में स्थित तीन मंजिला इमारत भी शामिल है. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों को कथित तौर पर लगा कि यदि अभिनंदन की हत्या कर दी जाए, तो वे पूरी संपत्ति पर अपना नियंत्रण हासिल कर लेंगे. इसी मंशा से आरोपियों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश होगी. हालांकि पुलिस जांच जारी है.
आईएएनएस
