भाजपा सांसद के खिलाफ FIR, नेताजी सुभाष चंद्र बोस के बारे में की थी अपमानजनक टिप्पणी

First Information Report FIR (1) (1)
The Hindi Post

भाजपा सांसद के खिलाफ FIR, नेताजी सुभाष चंद्र बोस के बारे में की थी अपमानजनक टिप्पणी

 

कोलकाता | नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में पश्चिम बंगाल की कूचबिहार पुलिस ने भाजपा के राज्यसभा सांसद नागेंद्र रे उर्फ ‘अनंत महाराज’ के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की है. इससे पहले राज्य सरकार ने कड़ा कदम उठाते हुए उन्हें दिया गया प्रतिष्ठित ‘बंगा विभूषण’ सम्मान भी रद्द कर दिया था.

विवादित बयान और शिकायत

कूचबिहार के पुलिस अधीक्षक मनीष जोशी के अनुसार, 7 अगस्त को नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 के एक स्थानीय निवासी ने सांसद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. नागेंद्र रे पर आरोप है कि उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में नेताजी के योगदान पर सवाल उठाए और आजाद हिंद फौज को लेकर आपत्तिजनक बयानबाजी की थी.

24 घंटे में दोहरी कार्रवाई

इस मामले में प्रशासन ने 24 घंटे के भीतर दो बड़ी कार्रवाइयां की हैं –

सम्मान की वापसी: राज्य सरकार ने इसी वर्ष फरवरी में सांसद को प्रदान किया गया ‘बंगा विभूषण’ पुरस्कार वापस लेने और रद्द करने का आदेश जारी किया.

आपराधिक मामला दर्ज: पुरस्कार रद्द होने के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने उनके खिलाफ आधिकारिक तौर पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

माफी मांगने के बावजूद नहीं मिली राहत

राज्य सरकार द्वारा पुरस्कार रद्द किए जाने के तुरंत बाद नागेंद्र रे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी. उन्होंने कहा था, “यदि अनजाने में की गई मेरी किसी टिप्पणी से जनभावनाएं आहत हुई हैं तो नेताजी के प्रति पूर्ण सम्मान रखते हुए मैं तहे दिल से क्षमा मांगता हूं.”

हालांकि, इस माफीनामे के बाद भी वह कानूनी कार्रवाई से बच नहीं सके और पुलिस ने मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी रखी है.

 

आईएएनएस/हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!