3 साल, कई मौतें और कानूनी शिकंजा: बेटे आबान की मौत के बाद अतीक के परिवार में कौन-कौन बचा?

Ateek Ahmed 2 IANS (1)

अतीक अहमद (फाइल फोटो : नितिन शर्मा/आईएएनएस)

The Hindi Post

3 साल, कई मौतें और कानूनी शिकंजा: बेटे आबान की मौत के बाद अतीक के परिवार में कौन-कौन बचा?

 

माफिया डॉन और पूर्व सांसद अतीक अहमद के परिवार पर पिछले तीन वर्षों से लगातार विपत्तियों का सिलसिला जारी है. उमेश पाल हत्याकांड के बाद हुई पुलिस कार्रवाई, फिर अतीक और उसके भाई की सनसनीखेज हत्या के बाद अब उसके बेटे आबान की एक सड़क हादसे में मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि आबान जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था तभी यह हादसा हो गया. इस घटना के साथ ही अतीक अहमद का परिवार लगभग पूरी तरह बिखर चुका है.

घटनाक्रम: तीन सालों में यूं टूटा अतीक का परिवार –

24 फरवरी 2023 (उमेश पाल हत्याकांड): प्रयागराज में राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई. इस हत्याकांड का आरोप अतीक अहमद, उसके परिवार और गैंग पर लगा जिसके बाद पुलिस व एसटीएफ ने व्यापक कार्रवाई शुरू की.

27 फरवरी 2023 (अरबाज़ का एनकाउंटर): हत्याकांड में इस्तेमाल क्रेटा कार चला रहे अरबाज को प्रयागराज पुलिस ने नेहरू पार्क के पास मुठभेड़ में ढेर कर दिया.

6 मार्च 2023 (विजय उर्फ उस्मान ढेर): उमेश पाल पर पहली गोली चलाने वाला इनामी शूटर विजय चौधरी उर्फ उस्मान भी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया.

13 अप्रैल 2023 (असद और गुलाम का एनकाउंटर): करीब 50 दिनों तक फरार रहने के बाद अतीक के तीसरे बेटे असद अहमद और उसके मुख्य सहयोगी शूटर गुलाम को यूपी एसटीएफ ने झांसी में मुठभेड़ के दौरान मार गिराया. असद पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था.

15 अप्रैल 2023 (अतीक और अशरफ की लाइव हत्या): असद के एनकाउंटर के ठीक दो दिन बाद, प्रयागराज के कॉल्विन अस्पताल के बाहर पुलिस कस्टडी और मीडिया कैमरों के सामने अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद की तीन हमलावरों (लवलेश तिवारी, अरुण मौर्य और सनी सिंह) ने गोली मारकर हत्या कर दी.

सड़क हादसे में बेटे आबान की मौत: अक्टूबर 2023 में बाल संरक्षण गृह से रिहा हुआ अतीक का बेटा आबान, झांसी सेंट्रल जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जाते समय सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया जिससे उसकी मौत हो गई.

अतीक अहमद के परिवार में अब कौन-कौन बचा?

पत्नी शाइस्ता परवीन: उमेश पाल हत्याकांड में नामजद और इनामी आरोपी, जो लंबे समय से फरार है.

बड़ा बेटा उमर अहमद: लखनऊ जेल में न्यायिक हिरासत के तहत बंद है.

दूसरा बेटा अली अहमद: प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल में निरुद्ध है.

तीसरा बेटा असद अहमद: अप्रैल 2023 में एसटीएफ एनकाउंटर में मारा जा चुका है.

चौथा बेटा आबान: सड़क हादसे में अकाल मृत्यु का शिकार हुआ.

सबसे छोटा बेटा एहजम: अक्टूबर 2023 में बाल संरक्षण गृह से रिहा होने के बाद फिलहाल अपनी बुआ के संरक्षण में रह रहा है.

कभी प्रयागराज और आसपास के इलाकों में खौफ का पर्याय रहा अतीक अहमद का परिवार आज कानूनी शिकंजे, मुकदमों, फरारी और हादसों के बीच पूरी तरह तबाह हो चुका है.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!