प्रधानमंत्री मोदी को गाली देने वाली लड़की के माफी मांगने पर भाजपा सांसद कंगना रनौत ने दी प्रतिक्रिया
फोटो क्रेडिट: आईएएनएस
प्रधानमंत्री मोदी को गाली देने वाली लड़की के माफी मांगने पर भाजपा सांसद कंगना रनौत ने दी प्रतिक्रिया
23 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली लड़की का माफीनामा सामने आने के बाद अब अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने लड़की के माफीनामे का समर्थन करते हुए उसका बचाव किया है. इसके साथ ही उन्होंने इस आंदोलन को भड़काने वाले तत्वों और वामपंथी समूहों पर कड़ा प्रहार किया.
कंगना रनौत ने किया बचाव, वामपंथियों पर बोला हमला
कंगना रनौत ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “यह मुश्किल से 15 साल की है. यह खुद बोल रही है कि इसने अपनी पूरी जिंदगी में मोदी जी के खिलाफ कभी कुछ पोस्ट नहीं किया लेकिन उस दिन इसके दोस्त इसे वहां ले गए और लोगों ने इसे गाली देने के लिए उकसाया. आओ अपने बच्चों को इविल फेमिनाजी और दानवी वामपंथियों से बचाएं. हमें अपने बच्चों को इनसे बचाने की जरूरत है.”
कंगना ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, “खुद नोटिस करो एक भी स्कार्फ या बुरखे वाली बेटी ने भोंडा प्रदर्शन नहीं किया लेकिन हमारी बेटियों का आसानी से इस्तेमाल किया जा रहा है. ऐसा क्यों? हम एक समाज या समुदाय के रूप में कहीं न कहीं असफल हो रहे हैं. हमें आत्ममंथन करना चाहिए. हमें अपनी बेटियों की रक्षा करनी चाहिए.”
उल्लेखनीय है कि पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में आरोपी लड़की की उम्र 25 वर्ष दर्शाई गई है, जबकि सोशल मीडिया पर जारी माफीनामे के वीडियो में लड़की खुद को 15 साल की बता रही है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
