आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर पर पत्नी का बड़ा आरोप, मारपीट, धमकी और विवाहेतर संबंधों का दावा, पुलिस ने दर्ज की FIR

IIT Kanpur IANS Photo

आईआईटी कानपुर की फाइल फोटो (क्रेडिट: आईएएनएस)

The Hindi Post

आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर पर पत्नी का बड़ा आरोप, मारपीट, धमकी और विवाहेतर संबंधों का दावा, पुलिस ने दर्ज की FIR

 

नई दिल्ली | भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के एक प्रोफेसर के खिलाफ उनकी पत्नी की शिकायत पर कल्याणपुर पुलिस ने मामला दर्ज किया है. शिकायतकर्ता स्वयं भी आईआईटी कानपुर में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत है.

शिकायत के अनुसार, महिला ने दिसंबर 2012 में प्रोफेसर निशीथ श्रीवास्तव से विवाह किया था. दंपति के दो नाबालिग बच्चे है. महिला ने आरोप लगाया है कि पति के खराब व्यवहार के कारण वह और उनके बच्चे कई महीनों से मानसिक तनाव और भय में जी रहे है.

महिला ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2022 में उनके पति का संबंध एक विवाहित पीएचडी स्कॉलर (पीएचडी छात्रा) से था जो उनके अधीन कार्यरत थी. इसके बाद नवंबर 2025 से वह एक महिला प्रोफेसर के साथ कथित अनुचित संबंध में है.

शिकायत में कहा गया है, “जब मैंने इन संबंधों पर आपत्ति जताई तो पति का व्यवहार और आक्रामक हो गया. मुझे चुप रहने और इस स्थिति को स्वीकारने के लिए दबाव डाला गया.”

महिला ने शारीरिक हिंसा और धमकाने का भी आरोप लगाया है. महिला का आरोप है कि 11 नवंबर 2025 को पति ने घरेलू सामान तोड़ दिया था. साथ ही उन्होंने बच्चों की किताबें फाड़ दी थी. “इसके बाद पति ने चाकू दिखाकर धमकाया था.”

अपनी शिकायत में महिला ने 15 जनवरी 2026 की भी एक घटना का उल्लेख किया है. महिला का दावा है कि कथित संबंधों पर सवाल उठाने पर पति ने उनके साथ मारपीट की थी जिसके कारण उनकी आंख, कान और सिर पर चोटें आईं थी.

शिकायत के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को पति ने महिला की इच्छा के विरुद्ध घर में प्रवेश करने की कोशिश की थी जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों को बुलाना पड़ा था. इसके बाद विवाद हुआ था.

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल लगातार उनकी और बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए किया जा रहा है.

महिला ने कथित चोटों की तस्वीरें, सीसीटीवी से जुड़ी जानकारी, सुरक्षा विभाग को भेजे ईमेल और आईआईटी कानपुर पुलिस चौकी व अन्य अधिकारियों को दी गई शिकायतों की प्रतियां पुलिस को सौंप दी है.

महिला ने अपने और बच्चों की सुरक्षा की मांग करते हुए पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

कल्याणपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हुई है.

इस मामले में प्रोफेसर निशीथ श्रीवास्तव की प्रतिक्रिया भी सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि उन्होंने इन आरोपों को झूठा और और मनगढ़ंत बताया है. उनका कहना है कि वह स्तब्ध है.

By IANS

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!