तेज बारिश ने मचाई भारी तबाही, हर तरफ डर और घबराहट, पानी के ‘सैलाब’ में बह गईं दुकाने और कारें, दस मिनट में…
राजौरी | जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में रविवार तड़के हुई भारी बारिश ने बहुत तबाही मचाई है. रातभर की मूसलाधार वर्षा के कारण जिले में अचानक बाढ़ आ गई. नदियां उफान पर आने से निचले इलाकों में पानी भर गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है.
इस प्राकृतिक आपदा में एक महिला लापता बताई जा रही है. वहीं कई घर, वाहन और दुकानें तेज बहाव में बह गए है. भारी बारिश के कारण कई रिहायशी इलाकों और निचले क्षेत्रों में पानी भर गया है जिससे कई मकानों और अन्य संरचनाओं को भारी नुकसान पहुंचा है. प्रशासन और राहत एजेंसियां लगातार बचाव अभियान चला रही हैं.
राजौरी, जम्मू-कश्मीर: ज़िले में बादल फटने जैसी भारी बारिश से अचानक बाढ़ आ गई, जिससे बड़े पैमाने पर तबाही हुई। एक महिला लापता है, जबकि कई घर, वाहन और दुकानें बह गईं। शनिवार रात से हो रही भारी बारिश के कारण रिहायशी और निचले इलाकों में पानी भर गया और कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं,… pic.twitter.com/j7yCjgOh6v
एक स्थानीय निवासी ने आईएएनएस से बताया कि पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. उन्होंने कहा, “हर तरफ डर और घबराहट है. मौसम लगातार खराब होता जा रहा है और स्थिति बेहद गंभीर बनती जा रही है. कई वाहन पानी में बह गए हैं. लोगों को संपत्ति और पशुधन का भारी नुकसान हुआ है.”
एक अन्य स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे उन्हें इस घटना की जानकारी मिली जिसके तुरंत बाद वह मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा, “जब हम पहुंचे तो शुरुआत में पानी का स्तर काफी कम था लेकिन केवल दस मिनट के भीतर ही पानी तेजी से बढ़ गया और देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए.”
लगातार हो रही बारिश और अचानक आए फ्लैश फ्लड ने राजौरी के कई इलाकों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है. लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.
IANS
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में तेज बारिश से तबाही बाढ़ में घर, गाड़ियां और दुकानें बहीं, एक महिला लापता