खौफनाक साजिश: पत्नी ने पति को दी दर्दनाक मौत, सांप से डसवाया

snake-gee05045d1_640

सांकेतिक तस्वीर (पिक्साबे)

The Hindi Post

खौफनाक साजिश: पत्नी ने पति को दी दर्दनाक मौत, सांप से डसवाया

 

मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र से सामने आया यह मामला किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. छह साल पहले परिवार की इच्छा के विरुद्ध जाकर अतुल पंवार और दामिनी ने प्रेम विवाह किया था. दोनों कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल का संचालन करते थे लेकिन समय के साथ रिश्ते में दरार आ गई आई और दामिनी का झुकाव कथित तौर पर स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की की ओर बढ़ने लगा. यही संबंध आगे चलकर एक सनसनीखेज साजिश में बदल गया.

पुलिस के अनुसार, दामिनी और तुषार ने मिलकर अतुल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. गुरुवार रात अतुल को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर दी गईं ताकि वह गहरी नींद में चले जाए. इसके बाद एक जहरीले सांप को कमरे में छोड़ दिया गया. सुबह दामिनी ने पति को अस्पताल ले जाकर बताया कि उन्हें सांप ने काट लिया है. डॉक्टरों ने अतुल को मृत घोषित कर दिया. पहली नजर में यह प्राकृतिक हादसा प्रतीत हुआ लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां पुलिस को सामान्य नहीं लगीं.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सांप आमतौर पर इंसानों से बचता है लेकिन जिस तरह वह बिस्तर के भीतर मिला उससे संदेह गहरा गया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और तकनीकी जांच शुरू हुई. दामिनी के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड ने पूरा राज खोल दिया. उसमें तुषार से लगातार बातचीत दर्ज थी. पूछताछ में तुषार टूट गया और उसने स्वीकार किया कि दामिनी से उसके प्रेम संबंध थे और दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई थी. इस साजिश में सोनू और उदय नामक दो अन्य लोग भी शामिल थे.

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अतुल के नाम करीब 20 लाख रुपये का जीवन बीमा था. योजना यह थी कि उसकी मौत के बाद बीमा की रकम मिलेगी और उसमें से सहयोगियों को हिस्सा दिया जाएगा. तुषार अपनी पत्नी को तलाक देकर दामिनी के साथ नई जिंदगी शुरू करना चाहता था.

दिलचस्प बात यह रही कि यह हत्या की पहली कोशिश नहीं थी. करीब 20 दिन पहले तुषार ने अतुल को कार से टक्कर मारने की कोशिश की थी लेकिन हेलमेट होने के कारण उसकी जान बच गई थी. उस समय दामिनी ने कथित तौर पर अतुल को शिकायत दर्ज कराने से रोक दिया था. असफल प्रयास के बाद दूसरी योजना बनाई गई जिसमें सांप का इस्तेमाल किया गया.

तकनीकी जांच के दौरान तुषार के मोबाइल से एक तस्वीर मिली जिसमें सांप डिब्बे में बंद था. पूछताछ में उसने बताया कि उसने दो सपेरों से यह जहरीला सांप खरीदा था. पुलिस ने सांप को बरामद कर परीक्षण के लिए भेजा है. मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं.

मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि घटनास्थल की परिस्थितियां सामान्य नहीं थीं. सांप का व्यवहार और पूरी कहानी मेल नहीं खा रही थी. सर्विलांस और कॉल डिटेल की जांच में दामिनी और तुषार के संबंध उजागर हुए. तुषार के मोबाइल से सांप की तस्वीर मिलने के बाद मामला स्पष्ट हो गया.

पुलिस का कहना है कि यदि घटनास्थल का गहन निरीक्षण और तकनीकी जांच न की जाती तो यह मामला सांप के काटने से हुई सामान्य मौत मानकर बंद हो सकता था. लेकिन डिजिटल सबूत, कॉल डिटेल और वैज्ञानिक विश्लेषण ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया. पुलिस ने दामिनी, उसके प्रेमी तुषार और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या व आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है.

यह घटना न केवल प्रेम प्रसंग और लालच की भयावह परिणति को उजागर करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि आधुनिक जांच तकनीकें किस तरह अपराध की परत-दर-परत सच्चाई सामने ला सकती हैं.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!