रोंगटे खड़े करने वाली घटना: 12 साल के मासूम को जिंदा खा गया मगरमच्छ
सांकेतिक तस्वीर
रोंगटे खड़े करने वाली घटना: 12 साल के मासूम को जिंदा निगल गया मगरमच्छ!
बहराइच | उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के बौंडी थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े करने वाली घटना सामने आई है. यहां घाघरा नदी के किनारे हाथ-पैर धो रहे 12 वर्षीय बच्चे को मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया और उसे जिंदा निगल गया. मृतक की पहचान सुनील के रूप में हुई है.
यह घटना गुरुवार शाम की है. सुनील अपने चाचा के साथ खेत में धान की रोपाई करने के बाद घर लौटने की तैयारी कर रहा था. लौटते समय जैसे ही वह नदी में हाथ-मुंह धोने लगा तभी पानी से अचानक निकले एक विशालकाय मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे अपने जबड़े में दबोच लिया. बच्चे की चीखें सुन उसके चाचा और स्थानीय ग्रामीणों ने ईंट-पत्थर फेंककर और शोर मचाकर उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की लेकिन मगरमच्छ ने उसे नहीं छोड़ा. वह बच्चे को उछालते हुए गहरे पानी में खींच ले गया.
5 घंटे की मशक्कत के बाद मिला क्षत-विक्षत शव
घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुट गए. तेज बहाव और अंधेरे के बावजूद ग्रामीणों ने टॉर्च और बांस के डंडों की मदद से नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया. करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद, रात 10 बजे घटनास्थल से 300 मीटर दूर बच्चे का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ. वन विभाग के अनुसार, मगरमच्छ बच्चे का कमर के नीचे का हिस्सा खा चुका था. शुक्रवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा.
⚠️Heartbreaking: ⚠️
A 12-year-old boy, Sunil, was dragged into the Ghaghara River and killed by a crocodile in Bahraich, UP, while washing his hands after farming. A disturbing video of the attack has surfaced. https://t.co/oiL7cJZt3j— Azad_Saddu (@saddu_000) July 17, 2026
माता-पिता के साये से पहले ही महरूम था
सुनील के सिर से माता-पिता का साया सालों पहले ही उठ चुका था. वह अपने भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था और पढ़ाई छोड़कर अपने चाचा के साथ रहता था. इस खौफनाक वारदात का एक वीडियो भी शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया पर सामने आया जिसकी पुष्टि स्थानीय पुलिस ने की है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
