कैसा होगा कल का मौसम, UP समेत इन राज्यों में होगी बारिश, आंधी तूफान और बिजली …
फोटो: आईएएनएस
कैसा होगा कल का मौसम, UP समेत इन राज्यों में होगी बारिश, आंधी तूफान और बिजली …
उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक मॉनसून सक्रिय है. इससे देश के बड़े हिस्से में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और 19 जुलाई से सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण अगले सात दिनों तक पूर्वी, पूर्वोत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में मॉनसूनी गतिविधियां और तेज होंगी.
उत्तर और मध्य भारत में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश सहित पहाड़ी राज्यों में कल बारिश की संभावना है. इसके साथ ही दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. हिमाचल, उत्तराखंड और पूर्वी यूपी में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की चेतावनी है.
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 60 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है. ओडिशा में 21 सेमी से अधिक बारिश की आशंका के बीच ओडिशा के 23 और छत्तीसगढ़ के 13 निचले जिलों में अचानक बाढ़ (Flash Flood) आने का गंभीर अलर्ट जारी किया गया है.
पूर्व, पश्चिम और दक्षिण भारत का हाल
बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और कोंकण-गोवा सहित पूर्वोत्तर के राज्यों (असम, मेघालय, अरुणाचल आदि) में अत्यंत भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी है. गुजरात, महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी.
अनोखा मौसम
एक तरफ बारिश, दूसरी तरफ हीटवेव मौसम के इस चक्र के बीच तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु और पुडुचेरी में कल हीटवेव (लू) चलने की आशंका है. वहीं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के लोगों को तेज बारिश के बावजूद बीच-बीच में भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम का सामना करना पड़ सकता है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
