पति बना प्रेम संबंध में रोड़ा, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर कराई हत्या: पुलिस
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
पति बना प्रेम संबंध में रोड़ा, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर कराई हत्या: पुलिस
बिहार के खगड़िया जिले में पिछले महीने चलती ट्रेन में बिजली विभाग के ग्रेड-1 टेक्नीशियन देव कुमार गुंजन की हत्या के सनसनीखेज मामले का रेलवे पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में मृतक की मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) पत्नी स्मिता कुमारी, उसके कथित प्रेमी अजीत कुमार और एक सुपारी किलर राजू कुमार उर्फ धीरज को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया है कि प्रेम संबंधों में बाधा बनने के कारण देव कुमार की हत्या की साजिश रची गई थी.
यह वारदात 11 जून को मानसी से सुपौल जा रही जनसाधारण एक्सप्रेस में हुई थी. रेलवे पुलिस के अनुसार, जमुई में बिजली विभाग के ग्रेड-1 टेक्नीशियन के पद पर तैनात देव कुमार अपनी पत्नी स्मिता से मिलने ट्रेन से जा रहे थे. बदलाघाट स्टेशन के पास अज्ञात हमलावर ने उन्हें गोली मार दी थी. गंभीर रूप से घायल देव कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई थी. घटना रेलवे क्षेत्राधिकार में होने के कारण मानसी जीआरपी ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था.
रेलवे पुलिस अधीक्षक (SRP) हरि शंकर कुमार ने मीडिया को बताया कि जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ. जांच में पता चला कि वर्ष 2017 में देव कुमार, स्मिता और अजीत ने एक साथ बिजली विभाग में नौकरी शुरू की थी. वर्ष 2018 में देव कुमार और स्मिता की शादी हुई, जबकि बाद में स्मिता और अजीत के बीच कथित प्रेम संबंध विकसित हो गए.
पुलिस के अनुसार, दोनों ने देव कुमार को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और उनकी हत्या के लिए राजू कुमार उर्फ धीरज को 4 लाख रुपये की सुपारी दी थी. आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद इसे चलती ट्रेन में लूटपाट के दौरान हुई हत्या का रूप देने की कोशिश की गई, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके.
हालांकि, एसआईटी और एसटीएफ की गहन जांच, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे षड्यंत्र का खुलासा हो गया. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
