चलती बस में 3 साल की मासूम से दरिंदगी, आरोपी गिरफ्तार
चलती बस में 3 साल की मासूम से दरिंदगी, आरोपी गिरफ्तार
यूपी रोडवेज की एक चलती बस में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की खौफनाक वारदात सामने आई है. प्रयागराज से चित्रकूट लौट रही बस में सवार 46 वर्षीय व्यक्ति ने मां की गोद से बच्ची को खिलाने के बहाने लिया और कथित तौर पर इस हैवानियत को अंजाम दिया.
बच्ची की मां की सूझबूझ और शिकायत पर रैपुरा थाना पुलिस (चित्रकूट) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस रुकवाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रैपुरा क्षेत्र की रहने वाली महिला अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ बस में सफर कर रही थी. उनकी बगल की सीट पर मानिकपुर निवासी राजकिशोर (46) बैठा था. उसने बातचीत के दौरान बच्ची को खिलाने के बहाने अपनी गोद में लिया. कुछ देर बाद मासूम रोने लगी. इससे महिला (बच्ची की मां) को अनहोनी का अंदेशा हुआ. उन्होंने तुरंत बस परिचालक से रैपुरा थाने के सामने बस रुकवाने को कहा और पुलिस को मामले की जानकारी दी.
थाना प्रभारी रामसिंह ने मीडिया को बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के मुताबिक, पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, जिसमें आंतरिक चोटों (इंजरी) की पुष्टि हुई है. पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
