अब इस सुप्रसिद्ध धाम में भक्तों की आस्था से छलावा, कई बार चढ़ावा चोरी का दावा, एसआईटी ने सौंपी जांच रिपोर्ट
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
अब इस सुप्रसिद्ध धाम में भक्तों की आस्था से छलावा, कई बार चढ़ावा चोरी का दावा, एसआईटी ने सौंपी जांच रिपोर्ट
चमोली | दो जुलाई को श्री बद्रीनाथ धाम मंदिर में नगद चढ़ावा गिनती के दौरान कथित हेराफेरी के मामले में गठित विभागीय जांच टीम ने अपनी जांच पूरी कर रिपोर्ट सीईओ को सौंप दी है. जांच में आरोपी ने एक नहीं बल्कि कई बार चढ़ावे की चोरी की है. सूत्रों की मानें तो चार सदस्यीय जांच टीम ने 18 पन्नों की रिपोर्ट में विस्तार से पूरी घटना और अपनी जांच का ब्योरा दिया है.
एसआईटी की जांच रिपोर्ट में ऐसी घटना न हो, इसके लिए सुझाव भी दिए गए हैं. जांच रिपोर्ट में कमेटी ने कई महत्वपूर्ण बातें स्पष्ट की हैं. साथ ही मंदिर के दान गिनती कक्ष में और सीसीटीवी बढ़ाने तथा मंदिर के परिक्रमा पथ के सभी ब्लाइंड स्पॉट को सीसीटीवी से लैस करने की सिफारिश की गई है.
सूत्रों की मानें तो जांच टीम को घटना के दिन 2 जुलाई से मात्र 14 दिन पहले तक के ही फुटेज मिल पाए हैं. पूर्व में लगे सीसीटीवी कैमरों की गुणवत्ता बेहतर न होने के कारण उनकी स्टोरेज क्षमता केवल 15 दिनों की थी. 2 जुलाई के फुटेज में कथित आरोपी पैसों में हेराफेरी करते हुए दिखाई दे रहा है. 14 दिन पहले के कुछ फुटेज के कई हिस्से भी जांच टीम को महत्वपूर्ण लगे हैं.

श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने 7 जुलाई को अनुशासन और प्रशासनिक पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से बड़ी कार्रवाई की थी. अध्यक्ष कार्यालय में तैनात व्यक्तिगत सहायक प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था. समिति ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पहले ही चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था.
बीकेटीसी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रमोद नौटियाल के खिलाफ पदीय दायित्वों के निर्वहन में प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे. इसके बाद 3 जुलाई 2026 को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था. समिति ने मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति गठित की थी. जांच के दौरान प्राप्त स्पष्टीकरण और समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट का परीक्षण किया गया, जिसमें लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए.
IANS
बद्रीनाथ धाम मंदिर में अनियमितता मामले में एसआईटी ने सौंपी जांच रिपोर्ट, कई बार चढ़ावा चोरी का दावा
