पहले रेप किया फिर बच्ची की हत्या कर शव को तीसरी मंजिल से नीचे फेंका, 7 साल की लड़की से की ऐसी दरिंदिगी कि कांप जाए रूह

CRIME

फोटो : आईएएनएस

The Hindi Post

तीसरी मंजिल से फेंका शव फिर चैन से सो गए, 7 साल की मासूम से हैवानियत मामले में झकझोर देने वाले खुलासे…

 

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के नंदग्राम क्षेत्र से एक बेहद जघन्य और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) करने के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. मीडिया रिपोर्ट्स में पुलिस के हवाले से रिपोर्ट किया गया है कि शुक्रवार रात चार दरिंदे मासूम को चिप्स और कोल्ड ड्रिंक का लालच देकर एक निर्माणाधीन मॉल में ले गए थे. वहां तीसरी मंजिल पर वारदात को कथित तौर पर अंजाम दिया गया. इसके बाद राज खुलने के डर से उन्होंने बच्ची के सिर पर लोहे के पाइप से वार कर उसे लिफ्ट के लिए खाली छोड़े गए शाफ्ट से नीचे फेंक दिया. मासूम का लहुलुहान शव मॉल के तीसरे बेसमेंट में मिला.

काम के दौरान लापता हुई थी मासूम

कार्यवाहक एसीपी (नंदग्राम) प्रियाश्री पाल ने मीडिया को बताया कि बिहार के नालंदा जिले का एक परिवार यहां झुग्गी में रहकर मजदूरी करता है. इन दिनों यह परिवार राजनगर एक्सटेंशन स्थित एक निर्माणाधीन मॉल में काम कर रहा था. शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे उनकी सात साल की बेटी अचानक लापता हो गई. परिजनों ने करीब दो घंटे तक उसकी काफी तलाश की लेकिन जब वह कहीं नहीं मिली तो उन्होंने नंदग्राम पुलिस को सूचना दी.

तीसरे बेसमेंट में मिला खून से लथपथ शव

इसके बाद परिजन और अन्य मजदूर खुद भी बच्ची को ढूंढते हुए निर्माणाधीन मॉल के भीतर पहुंचे. रात करीब साढ़े 12 बजे मॉल के तीसरे बेसमेंट (-3 लेवल) में सीढ़ियों के पास बच्ची का खून से लथपथ शव बरामद हुआ. शव की हालत देखकर परिजनों के होश उड़ गए. मौके पर पहुंची पुलिस के सामने परिजनों ने वहीं काम करने वाले चार युवकों पर अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया.

CCTV फुटेज से खुला राज, झुग्गी में सो रहे थे आरोपी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने जब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को खंगाला तो पूरी सच्चाई सामने आ गई. फुटेज में झुग्गी में ही रहने वाले दो युवक बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिए. उस वक्त बच्ची के हाथ में चिप्स का पैकेट और युवकों के हाथ में शराब व कोल्ड ड्रिंक थी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दबिश दी और दोनों आरोपियों को उनकी झुग्गी से धर दबोचा जहां वे वारदात को अंजाम देकर चैन की नींद सो रहे थे. जांच में पता चला है कि दो अन्य आरोपी मॉल में पहले से ही मौजूद थे.

छह मंजिल नीचे फेंका शव, दो आरोपी गिरफ्तार

डीसीपी धवल जायसवाल ने मीडिया को बताया कि घटनास्थल पर चार आरोपियों की मौजूदगी के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं जिनमें से दो को हिरासत में ले लिया गया है. पकड़े गए आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उन्होंने बताया कि वे बच्ची को बहला-फुसलाकर मॉल की तीसरी मंजिल पर ले गए थे जहां शराब पीने के बाद उन्होंने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया. जब बच्ची ने शोर मचाया तो पकड़े जाने के डर से उन्होंने लोहे के पाइप से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए और उसे लिफ्ट के शाफ्ट से नीचे गिरा दिया. मॉल में जमीन के ऊपर चार और नीचे तीन तल बन रहे हैं जिसके कारण मासूम का शव करीब छह मंजिल नीचे जाकर गिरा.

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का पाइप, बच्ची के कपड़े और चप्पल बरामद कर लिए हैं. फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!