पुणे में भारी बारिश पर हाई अलर्ट, डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने कही यह बात

Sunetra Pawar 3 IANS (1) (1)

(फोटो क्रेडिट: आईएएनएस)

The Hindi Post

पुणे में भारी बारिश पर हाई अलर्ट, डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने कही यह बात

 

पुणे | महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार ने जिले में मूसलाधार बारिश से उपजे हालातों की समीक्षा के लिए सोमवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक की. उन्होंने प्रशासनिक तंत्र को हाई अलर्ट पर रहने और प्रभावित नागरिकों को तत्काल राहत व हर जरूरी मदद पहुंचाने का निर्देश दिया.

डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि आपदा प्रबंधन में इंसानी जान बचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित आश्रयों में स्थानांतरित करने, वहां भोजन, साफ पानी व चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने और संपर्क विहीन गांवों के रास्ते युद्ध स्तर पर बहाल करने के आदेश दिए. इसके साथ ही, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और राजस्व जैसे सभी प्रमुख विभागों को आपसी तालमेल मजबूत करने के लिए कहा गया.

प्रशासनिक मुस्तैदी बढ़ाते हुए उन्होंने 24×7 आपदा नियंत्रण कक्ष चालू रखने, अधिकारियों को मुख्यालय न छोड़ने और राज्य सरकार को हर दो घंटे में स्थिति की रिपोर्ट सौंपने की हिदायत दी. लापरवाही बरतने पर जिला कलेक्टर को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

उन्होंने वारकरी तीर्थयात्रियों, खासकर ‘वारी’ यात्रा में शामिल बुजुर्ग महिलाओं और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत पर जोर दिया. साथ ही, उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिया कि वे इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (आईटी) पार्कों और इंडस्ट्रियल क्लस्टर्स के आस-पास भारी ट्रैफिक जाम को रोकने के लिए पहले से ही जरूरी कदम उठाएं. जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण बांधों में पानी का स्तर काफी बढ़ गया है जिससे बड़े पैमाने पर पानी छोड़ा जा रहा है. नतीजतन, कई नदी पुलों पर ट्रैफिक रोक दिया गया है.

इन हालात को देखते हुए डिप्टी सीएम पवार ने नागरिकों से पुरजोर अपील की कि वे नदी के किनारों से दूर रहें और जलाशयों में जाने से बचें.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा पुणे जिले के लिए हाई अलर्ट जारी किए जाने के बाद उपमुख्यमंत्री ने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा, “प्रशासन आपसी तालमेल के साथ काम कर रहा है. मैं सभी नागरिकों से आग्रह करती हूं कि वे सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें. आइए, संकट की इस घड़ी में एकजुट रहें और मिलकर इस प्राकृतिक आपदा का सामना करें.”

आईएएनएस

पुणे में भारी बारिश पर हाई अलर्ट, डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने प्रशासन को दिए सख्त निर्देश

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!