5 लाख डॉलर की फिरौती, बार-बार मारपीट और यौन उत्पीड़न…, दो विदेशी महिलाओं के गैंगरेप से हिल गया पाकिस्तान, आरोपियों में उप-प्रधानमंत्री का रिश्तेदार भी शामिल

Rape Aug 20 (1)

सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)

The Hindi Post

5 लाख डॉलर की फिरौती, बार-बार मारपीट और यौन उत्पीड़न…, दो विदेशी महिलाओं के गैंगरेप से हिल गया पाकिस्तान, आरोपियों में उप-प्रधानमंत्री का रिश्तेदार भी शामिल

 

दो विदेशी महिलाओं के अपहरण, फिरौती मांगने और सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) के मामले में पाकिस्तान की एक अदालत ने चार आरोपियों की पांच दिनों की पुलिस रिमांड मंजूर कर ली है. इस मामले ने पूरे पाकिस्तान में तूल पकड़ लिया है क्योंकि मुख्य आरोपियों में से एक देश के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार का करीबी रिश्तेदार बताया जा रहा है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अदालत में पेशी के दौरान पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल किए गए हथियार और फिरौती की रकम बरामद करने के लिए आरोपियों — अहमद रजा डार, सिकंदर अजीज खान, हसन रजा और साजिद अली—की 14 दिनों की फिजिकल रिमांड मांगी थी. हालांकि, ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट ने पुलिस को केवल पांच दिन की रिमांड दी.

पुलिस ने इन चारों को 2 जुलाई को गिरफ्तार किया था, जबकि इनका एक अन्य साथी (सुरक्षा गार्ड) अभी भी फरार है.

सिंगापुर में हुई थी मुलाकात, लाहौर बुलाकर बनाया बंधक

यह सनसनीखेज मामला तब उजागर हुआ जब पुलिस ने लाहौर के पॉश डिफेंस इलाके से दो विदेशी महिलाओं को सुरक्षित बचाया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इनमें से एक महिला नीदरलैंड (डच) और दूसरी वेनेजुएला की नागरिक है. मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि जांच में सामने आया कि ये महिलाएं अक्टूबर 2025 में सिंगापुर यात्रा के दौरान अहमद रजा डार नाम के एक पाकिस्तानी नागरिक से मिली थीं. उसी के निमंत्रण पर वे पाकिस्तान घूमने आई थीं लेकिन यहां पहुंचते ही उन्हें बंधक बना लिया गया.

स्पेन से आई एक इमरजेंसी कॉल और 2 घंटे में एक्शन

पुलिस के अनुसार, 29 जून को हथियारों के बल पर इन महिलाओं का अपहरण किया गया था. आरोपियों ने उन्हें एक अज्ञात जगह पर छिपाकर रखा, उनके साथ बार-बार मारपीट की और सामूहिक दुष्कर्म भी किया. यही नहीं, दरिंदों ने दोनों महिलाओं को छोड़ने के बदले उनके परिवारों से 15 लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग 12.5 करोड़ रुपये) की फिरौती मांगी.

मामला तब खुला जब पीड़ित महिलाओं में से एक के पिता ने स्पेन से सीधे पाकिस्तानी पुलिस को इमरजेंसी कॉल कर बेटी के बंधक होने की शिकायत दर्ज कराई. विदेशी दूतावास और अंतरराष्ट्रीय स्तर का मामला होने के कारण पुलिस तुरंत हरकत में आ गई. जांचकर्ताओं ने नगर निगम के सर्विलांस (CCTV) कैमरों की मदद से संदिग्धों की लोकेशन ट्रेस की और महज दो घंटे के भीतर ऑपरेशन चलाकर महिलाओं को सुरक्षित छुड़ा लिया.

डिप्टी पीएम से कनेक्शन के कारण मामला बेहद संवेदनशील

लाहौर पुलिस के मुताबिक, मुख्य संदिग्ध अहमद रजा डार का संबंध पाकिस्तान के वर्तमान विदेश मंत्री और उप प्रधानमंत्री इशाक डार से है. एक शीर्ष राजनेता के परिवार का नाम सीधे तौर पर इतने गंभीर और अंतरराष्ट्रीय अपराध से जुड़ने के कारण प्रशासन इस केस को बेहद संवेदनशील मान रहा है.

फिलहाल, पीड़ित महिलाओं का मेडिकल टेस्ट कराकर सैंपल ले लिए गए हैं और पकड़े गए चारों आरोपियों का भी फॉरेंसिक टेस्ट कराया जा रहा है ताकि अदालत में उनके खिलाफ पुख्ता सबूत पेश किए जा सकें.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!