सीबीआई ने 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी को किया गिरफ्तार, क्या है यह मामला ?

CBI

सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)

The Hindi Post

सीबीआई ने 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी को किया गिरफ्तार, क्या है यह मामला ?

 

नई दिल्ली |  केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के एक मामले में हरियाणा कैडर के 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत को गिरफ्तार किया है. दीपक गहलावत फिलहाल ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बीसीएएस), दिल्ली में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात हैं.

सीबीआई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस मामले की शुरुआत 8 जून को हुई थी. उस समय एजेंसी ने दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह और दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था.

जांच के दौरान सीबीआई को पता चला कि आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत ने कथित तौर पर रिश्वत की मांग की थी. आरोप है कि उन्होंने दावा किया था कि वह अपने व्यक्तिगत प्रभाव का इस्तेमाल कर पुडुचेरी में नकली दवाओं की बिक्री से जुड़े उन मामलों में निजी व्यक्तियों को राहत दिला सकते हैं जिनकी जांच सीबीआई कर रही थी.

इस मामले में सीबीआई पहले ही दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह सहित छह अन्य व्यक्तियों को गिरफ्तार कर चुकी है. कार्रवाई के दौरान एजेंसी ने करीब 25 लाख रुपए की ट्रैप राशि बरामद की थी. इसके अलावा जांच के दौरान 90 लाख रुपए नकद और कई अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए थे.

सीबीआई ने अब आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत से जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी अभियान भी चलाया. इस दौरान एजेंसी ने कई डिजिटल डिवाइस, हार्ड डिस्क और महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं जिनकी जांच की जा रही है.

सीबीआई का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल की जा रही है. एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित रिश्वतखोरी और प्रभाव का इस्तेमाल करने के इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल है.

आईएएनएस

सीबीआई ने रिश्वतखोरी मामले में हरियाणा कैडर के आईपीएस अधिकारी को किया गिरफ्तार, जांच जारी

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!