युवक का खौफनाक अंत: युवती के कथित अपहरण के बाद चलती कार में खुद को उड़ाया, देसी बम के धमाके से परखच्चे उड़े, लड़की के बारे में यह जानकारी आई सामने
प्रतीकात्मक इमेज
युवक का खौफनाक अंत: युवती के कथित अपहरण के बाद चलती कार में खुद को उड़ाया, देसी बम के धमाके से परखच्चे उड़े, लड़की के बारे में यह जानकारी आई सामने
तुमकुरु | कर्नाटक के तुमकुरु जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48) पर कल्लाम्बेला के पास शनिवार को एक बेहद सनसनीखेज घटना घटी. यहां एकतरफा प्यार में पागल सिरफिरे आशिक ने अपनी मंगेतर/प्रेमिका का अपहरण करने के बाद चलती कार के भीतर देसी बम से ब्लास्ट कर खुदकुशी कर ली. गनीमत यह रही कि इस खौफनाक धमाके में युवती और टैक्सी चालक की जान बाल-बाल बच गई. पुलिस ने घटनास्थल से एक और जिंदा देसी बम बरामद किया है.
8 साल पुराना रिश्ता और शादी से इनकार बनी कत्ल की वजह
मृतक की पहचान कारवार जिले के अंकोला निवासी 30 वर्षीय नागेंद्र के रूप में हुई है. वारदात की सूचना मिलते ही तुमकुरु के पुलिस अधीक्षक (SP) अशोक वेंकट ने फौरन घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया.
पुलिस तफ्तीश के मुताबिक, नागेंद्र और राम्या पिछले करीब 8 साल से रिलेशनशिप में थे. राम्या बेंगलुरु के राजीव गांधी विश्वविद्यालय में लैब तकनीशियन (प्रयोगशाला सहायक) के पद पर कार्यरत है. हाल ही में दोनों के बीच कुछ आपसी मतभेद हो गए थे जिसके चलते राम्या ने नागेंद्र के शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था. इसी बात से नाराज होकर नागेंद्र ने खौफनाक कदम उठाने की साजिश रची.
पेइंग गेस्ट हाउस से किया किडनैप, हाईवे पर खूनी ड्रामा
पुलिस ने बताया कि नागेंद्र ने अंकोला से एक टैक्सी किराए पर ली और सीधे बेंगलुरु में उस पेइंग गेस्ट (PG) हाउस पहुंचा जहां राम्या ठहरी हुई थी. वह राम्या को जबरन खींचकर कार में अपने साथ ले भागा. राम्या के अचानक गायब होने पर उसकी सहेली ने तुरंत बेंगलुरु के सिद्धापुरा पुलिस स्टेशन में उसकी गुमशुदगी और अपहरण की शिकायत दर्ज कराई.
Tumakur, Karnataka: A young woman who survived the car explosion on National Highway 48 near Sira in Tumakuru district was discharged from Tumakuru District Hospital today pic.twitter.com/Gcx0mjy7nP
— IANS (@ians_india) June 28, 2026
हाईवे पर सफर के दौरान दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई जिसके बाद नागेंद्र ने राम्या पर जानलेवा हमला कर उसके सिर पर वार कर दिया. खुद को खतरे में देख राम्या ने बहादुरी दिखाई और चलती गाड़ी का दरवाजा खोलकर बाहर कूद गई. युवती को हाईवे पर गिरता देख टैक्सी चालक ने तुरंत ब्रेक लगा दी और उसकी मदद के लिए दौड़ा. इसी बीच, नागेंद्र ने कार के सारे दरवाजे अंदर से लॉक कर लिए और अपने पास रखे एक देसी बम में विस्फोट कर दिया जिससे उसके मौके पर ही चीथड़े उड़ गए और गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
टैक्सी ड्राइवर का बयान: ‘नागेंद्र के पास दो बम थे’
टैक्सी चालक प्रवीण ने पुलिस को दिए बयान में कुछ और चौंकाने वाले खुलासे किए हैं जिनकी पुलिस जांच कर रही है. ड्राइवर के मुताबिक, गाड़ी नागेंद्र ने खुद अपने नाम से उबर (Uber) ऐप के जरिए बुक की थी. कल्लमबेला पहुंचने तक सब कुछ शांत था लेकिन तभी ड्राइवर के पास अंकोला से एक फोन आया जिसमें उसे बताया गया कि कार में बैठी महिला का अपहरण हुआ है.
ड्राइवर ने दावा किया कि फोन आने के बाद जब उसने नागेंद्र से पूछताछ की तो वह भड़क गया और उसने चाकू निकालकर राम्या पर हमला कर दिया. ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोकी और घायल राम्या को वहां से गुजर रहे एक मोटरसाइकिल सवार की मदद से सुरक्षित रवाना किया. भागते समय राम्या ने ड्राइवर को चीखकर चेतावनी दी थी कि नागेंद्र के पास बम हैं.
ड्राइवर जब वापस कार के पास पहुंचा तो नागेंद्र के हाथ में देसी बम थे. ड्राइवर ने बहादुरी दिखाते हुए नागेंद्र के हाथ से एक बम छीनकर दूर फेंक दिया लेकिन तब तक नागेंद्र ने दूसरे बम में आग लगा दी थी जिससे जोरदार धमाका हुआ. फिलहाल, पुलिस ने घटनास्थल से वह बिना फटा हुआ दूसरा बम सुरक्षित बरामद कर लिया है और इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि नागेंद्र के पास ये घातक देसी बम कहां से आए थे.
IANS
कर्नाटक युवती के अपहरण के बाद कार बम विस्फोट में प्रेमी की मौत
