केतन अग्रवाल हत्याकांड : पुलिस ने किया क्राइम सीन रीक्रिएट, सिया गोयल ने उगला सच, जूते के फीते….

Ketan and Siya Pune Murder Case (1) (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

केतन अग्रवाल हत्याकांड : पुलिस ने किया क्राइम सीन रीक्रिएट, सिया गोयल ने उगला सच, जूते के फीते….

 

पुणे/लोनावाला | देश के बहुचर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में रविवार सुबह एक बेहद सनसनीखेज और चौंकाने जानकारी सामने आई. मामले की तफ्तीश में जुटी लोनावाला पुलिस आज सुबह ठीक 7:00 बजे मुख्य आरोपी सिया गोयल को भारी सुरक्षा के बीच लोहगढ़ किले पर लेकर पहुंची. पुलिस टीम अपने साथ फाइबर से बना एक मानव पुतला (डमी) भी लाई थी ताकि वारदात वाले दिन की कड़ियों को आपस में जोड़ा जा सके. जब पुलिस ने सिया की मौजूदगी में पूरे घटनाक्रम का क्राइम सीन रीक्रिएट (अपराध दृश्य का पुनर्गठन) शुरू किया तो दबाव में आई सिया ने पुलिस के सामने पूरी खौफनाक साजिश का पर्दाफाश कर दिया.

‘जूते के फीते बांधने का नाटक और पीछे से चेतन का धक्का’— खौफनाक साजिश

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी से मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार, सिया ने पूछताछ और क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान अपना गुनाह कबूल कर लिया. उसने बताया कि केतन को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने के लिए उसने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर एक सोची-समझी साजिश रची थी.

तय प्लान के मुताबिक, सिया को लोहगढ़ किले के एक ऊंचे और खतरनाक मोड़ पर जाकर अपने जूतों के फीते (लेस) बांधने का बहाना करना था. जैसे ही सिया फीते बांधने के लिए नीचे झुकी, पीछे मुस्तैद खड़े चेतन ने योजना के अनुसार केतन पर अचानक हमला कर दिया. चेतन ने केतन को इतनी जोर से धक्का दिया कि वह संभल नहीं पाए, अपना संतुलन खो बैठे और सीधे 400 फीट गहरी खाई में जा गिरे. इस दर्दनाक हादसे में केतन की मौके पर ही मौत हो गई.

शादी तोड़ने से आसान लगा कत्ल करना, पुलिस ने की वीडियो रिकॉर्डिंग

पुलिस ने सिया के इस पूरे कबूलनामे और क्राइम सीन रीक्रिएशन की सिलसिलेवार वीडियो रिकॉर्डिंग की है जिसे अदालत में अचूक और पुख्ता सबूत के तौर पर पेश किया जाएगा. जांचकर्ताओं के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सिया गोयल ने एक और चौंकाने वाली बात मानी. उसने कहा कि केतन अग्रवाल से तय हो चुकी शादी को रद्द करने (तोड़ देने) के बजाय उसे जान से मार देना ज्यादा आसान लगा क्योंकि वह शादी तोड़कर अपने परिवार को निराश नहीं करना चाहती थी.

18 जून की वारदात, नवंबर में होनी थी शादी; अब डिजिटल सबूत खंगाल रही पुलिस

सूत्रों के अनुसार, यह कथित कबूलनामा तब सामने आया है जब पुलिस ने सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी की भूमिकाओं को लेकर जांच का दायरा बढ़ा दिया है. पुलिस का दावा है कि केतन अग्रवाल की मौत 18 जून को लोहगढ़ किले में एक चट्टान से गिरने से हुई थी.

जांचकर्ताओं का आरोप है कि सिया गोयल नवंबर में केतन से होने वाली शादी को आगे नहीं बढ़ाना चाहती थी. इसी वजह से दोनों प्रेमियों ने मिलकर केतन को मौत के घाट उतार दिया.
फिलहाल, जांच टीम दोनों आरोपियों की जिंदगी से जुड़े कई अन्य पहलुओं, उनके आपसी संबंधों और वित्तीय लेन-देन की बारीकी से जांच कर रही है. इसके साथ ही साजिश की पूरी तह तक जाने के लिए दोनों परिवारों के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है और उनके मोबाइल व अन्य डिजिटल सबूतों को खंगाला जा रहा है.

By IANS

 

केतन अग्रवाल हत्याकांड: पुलिस ने किया क्राइम सीन रीक्रिएट, सिया गोयल ने उगला सच

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!