हैरान करने वाली वारदात: महिलाओं के अंडरगारमेंट्स चुराने वाला उच्च शिक्षित युवक गिरफ्तार, विदेश से कर चुका है पढ़ाई
हैरान करने वाली वारदात: महिलाओं के अंडरगारमेंट्स चुराने वाला उच्च शिक्षित युवक गिरफ्तार, विदेश से कर चुका है पढ़ाई
हल्द्वानी | उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक बेहद अजीबोगरीब और हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां के एक घर से रात के अंधेरे में महिलाओं के अंडरगारमेंट्स (अंतःवस्त्र) चुराने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. चौंकाने वाली बात यह है कि पकड़ा गया आरोपी कोई साधारण चोर नहीं, बल्कि विदेश से उच्च शिक्षा प्राप्त कर चुका है. पूछताछ में आरोपी ने जो वजह बताई उसने पुलिस अधिकारियों को भी हैरान कर दिया. युवक का दावा है कि इस तरह की चोरी करने से उसे मानसिक तनाव से मुक्ति मिलती थी और खुशी महसूस होती थी.
दोस्त की सलाह पर डिप्रेशन दूर करने के लिए बनाया रास्ता
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक महिला ने मंगलवार को हल्द्वानी कोतवाली में लिखित तहरीर दी थी. शिकायत में बताया गया था कि 19 जून की रात करीब ३:२३ बजे एक अज्ञात शख्स उनके घर की दीवार फांदकर भीतर दाखिल हुआ और आंगन में सूख रहे महिलाओं के अंतःवस्त्र और सलवार चोरी कर ले गया. इस पूरी घटना का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई.
उत्तराखंड –
हल्द्वानी में घरों में घुसकर महिलाओं के कपड़े चुराने वाला निकेत सिंह बिष्ट पकड़ा गया। आरोपी विदेश से उच्च शिक्षा प्राप्त कर चुका है। पूछताछ में उसने कबूला कि ऐसा करने से अजीब तरह की संतुष्टि मिलती थी। pic.twitter.com/QL3HcG2D3E— Sachin Gupta (@Sachingupta) June 25, 2026
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के सख्त आदेश दिए. कोतवाल विजय मेहता के निर्देशन में हीरानगर चौकी प्रभारी संजीत राठौर ने तफ्तीश शुरू की. पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और लोकल इनपुट की मदद से बुधवार को आरोपी को धर दबोचा. आरोपी की पहचान निकेत सिंह बिष्ट के रूप में हुई है. पूछताछ में पता चला कि वह कोरोना महामारी के दौरान विदेश से पढ़ाई पूरी कर हल्द्वानी लौटा था और कथित तौर पर डिप्रेशन का शिकार था. एक दोस्त की अजीब सलाह पर उसने तनाव दूर करने के लिए इस घिनौने रास्ते को चुना.
हालांकि, पुलिस ने इसे महज बीमारी मानकर ढील नहीं दी है. मामले पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए एसएसपी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी उपद्रवी या अपराधी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पुलिस आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
