केतन हत्याकांड में नया मोड़, अब इस ओर घूमा पुलिस की जांच का दायरा….
हुडी पहने CCTV में कैद हुआ सिया और केतन के पीछे चल रहा चेतन चौधरी (फोटो: आईएएनएस)
केतन हत्याकांड में नया मोड़; अब इस ओर घूमा पुलिस की जांच का दायरा….
पुणे | केतन हत्याकांड की जांच में एक नया मोड़ सामने आया है. पुणे पुलिस ने इस मामले के आरोपी चेतन चौधरी के करीबी दोस्त नीरज कुमार को हिरासत में लेकर उसकी भूमिका की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले और घटना के दिन नीरज की क्या भूमिका रही थी.
पुलिस के अनुसार, जिस दिन लोहगढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान कथित तौर पर केतन की हत्या हुई, उस दिन चेतन चौधरी अपना मोबाइल फोन घर या दुकान पर छोड़कर गया था. उसकी जगह वह नीरज कुमार का फोन अपने साथ ले गया था. जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के दिन चेतन चौधरी और सह-आरोपी सिया गोयल एक-दूसरे के संपर्क में नीरज के मोबाइल फोन के जरिए थे.
चेतन के चाचा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि चेतन अपना फोन दुकान पर छोड़कर और नीरज का फोन लेकर गया था. उन्होंने कहा कि चेतन और नीरज अक्सर बातचीत और अन्य कामों के लिए एक-दूसरे के फोन का इस्तेमाल करते थे. नीरज पिछले तीन-चार वर्षों से उनके यहां काम कर रहा है और परिवार के काफी करीब माना जाता है.
पुलिस का आरोप है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने एक कैफे में बैठकर केतन की हत्या की साजिश रची थी. जांच एजेंसियों के मुताबिक, कई असफल प्रयासों के बाद दोनों ने लोहगढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया.
अब जांच का फोकस नीरज कुमार के मोबाइल फोन और उससे जुड़े कॉल रिकॉर्ड, चैट्स तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों पर है. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि घटना के दिन नीरज को फोन के इस्तेमाल की जानकारी थी या नहीं और क्या वह किसी भी तरह से इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ा हुआ था. फिलहाल नीरज से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है.
IANS
केतन हत्याकांड में नया मोड़; आरोपी चेतन के दोस्त नीरज से पूछताछ, फोन कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस
