कोलकाता में बड़ा अग्निकांड: सरकारी इमारत में लगी आग से 4,000 EVM जलकर खाक; जांच के लिए SIT गठित
कोलकाता में बड़ा अग्निकांड: सरकारी इमारत में लगी आग से 4,000 EVM जलकर खाक; जांच के लिए SIT गठित
अलीपुर (पश्चिम बंगाल) स्थित एक सरकारी इमारत में भीषण आग लगने से करीब 4,000 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (EVMs) जलकर खाक हो गई. इस घटना के पीछे किसी गहरी साजिश की आशंका को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है. यह आग 12 जून को लगी थी. इस मामले में एफआईआर (FIR) दर्ज की जा चुकी है.
आग का पैटर्न संदिग्ध; मंत्री ने जताई आशंका
पश्चिम बंगाल के दमकल सेवा राज्य मंत्री कौशिक चौधरी ने मीडिया को बताया कि इस आग में करीब 4,000 ईवीएम नष्ट हुई है. हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों की 10 सीटों पर यही 4,000 ईवीएम इस्तेमाल में लाई गई थी. उन्होंने आग लगने के तरीके पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा, “यह कोई सामान्य आग नहीं लगती. आग निचली मंजिलों पर लगी और फिर सीधे 8वीं व 9वीं मंजिल पर बने चुनाव कार्यालयों तक फैल गई, जबकि बीच की मंजिलों पर इसका ज्यादा असर नहीं हुआ. हम फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं ताकि साफ हो सके कि इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं थी.”
SIT करेगी विस्तृत जांच
पुलिस आदेश के अनुसार, इस हाई-प्रोफाइल मामले की कमान असिस्टेंट कमिश्नर (ACP) सुखेन्दु मुखोपाध्याय के नेतृत्व वाली चार सदस्यीय एसआईटी को सौंपी गई है. टीम को आग के सटीक कारणों का पता लगाने और नुकसान का विस्तृत आकलन करने की जिम्मेदारी दी गई है.
टीएमसी ने सरकार को घेरा
इस बीच, तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने इस घटना को लेकर केंद्र की सत्ताधारी भाजपा पर तीखा हमला बोला है. टीएमसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर इसे ‘रहस्यमयी’ बताते हुए लिखा कि डायमंड हार्बर उप-मंडल के तहत आने वाली कस्बा, जादवपुर, बेहाला पूर्व, बेहाला पश्चिम, मटियाबुर्ज और सतगाछिया जैसी कई महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों की 4,000 कंट्रोल यूनिट, 4,000 बैलेट यूनिट और 4,000 वीवीपैट (VVPAT) इस आग में पूरी तरह नष्ट हो गए हैं.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
