पीएम मोदी ने ट्रंप को कहा- “थैंक्यू”, तो भड़क गए केजरीवाल, किया जोरदार हमला, जानें पूरा मामला…

Arvind Kejriwal 25 (1) (1)

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल की फाइल फोटो/ (आईएएनएस)

The Hindi Post

पीएम मोदी ने ट्रंप को कहा- “थैंक्यू”, तो भड़क गए केजरीवाल, किया जोरदार हमला, जानें पूरा मामला…

 

आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पीएम मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बने रहने पर बधाई देने और जवाब में पीएम मोदी द्वारा उन्हें धन्यवाद कहने पर केजरीवाल ने कड़ा ऐतराज जताया है. उन्होंने अमेरिकी हमले में भारतीय नागरिकों की मौत का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार को घेरा.

‘थैंक यू’ किस बात के लिए? — अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच सोशल मीडिया पर हुई बातचीत को साझा करते हुए लिखा, “पीएम मोदी ट्रंप को ‘थैंक यू’ कह रहे हैं. लेकिन यह थैंक यू असल में किस बात के लिए है? क्या हमारे नागरिकों वाले जहाज पर हमले और निर्दोष भारतीयों की हत्या के लिए? अब देश के लिए स्थिति बेहद शर्मनाक हो चुकी है.”

केजरीवाल ने आगे कहा कि मोदी जी ने भारतीय संप्रभुता, देश के गौरव और अपने नागरिकों की जिंदगी को ट्रंप के सामने सरेंडर (समर्पित) कर दिया है. उन्होंने कहा, “भारत को इस वक्त एक मजबूत प्रधानमंत्री की जरूरत है. ट्रंप को हमारे देश और हमारे लोगों के साथ अपनी मर्जी से कुछ भी करने की छूट नहीं दी जा सकती.”

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ओमान तट के पास एक कमर्शियल पोत पर अमेरिकी सेना द्वारा हमला किया गया. इस जहाज पर भारतीय नाविक सवार थे. इस हमले में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई. केंद्रीय पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने पलाऊ के झंडे वाले इस तेल टैंकर (एमटी सेटेबेलो) पर सवार तीन भारतीय नाविकों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है.

इस मामले पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने हमला करने की बात स्वीकार की है. अमेरिकी सेना का दावा है कि यह जहाज ईरान से तेल ले जाने की कोशिश कर रहा था और इस तरह वह ईरानी बंदरगाहों पर लागू अमेरिकी नाकेबंदी (Blockade) का उल्लंघन कर रहा था.

ट्रंप ने दी थी बधाई, पीएम मोदी ने जताया था आभार
हाल ही में पीएम मोदी ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक पद पर रहने का पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा है. इसी उपलब्धि पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को अपना ‘मित्र’ बताते हुए बधाई दी थी. ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा था, “मेरे मित्र नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बने रहने पर बधाई. वह एक महान, मजबूत और बुद्धिमान नेता हैं. उनकी सफलता के कई वर्ष अभी बाकी हैं.”

प्रधानमंत्री मोदी ने इस बधाई के लिए ट्रंप का आभार व्यक्त करते हुए भारत और अमेरिका के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई थी जिसपर अब भारत में सियासी घमासान शुरू हो गया है.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!