ममता बनर्जी के साथ या बागी गुट…? शत्रुघ्न सिंहा ने खुद बता दिया वो किस तरफ हैं….
फाइल फोटो | आईएएनएस
ममता बनर्जी के साथ या बागी गुट…? शत्रुघ्न सिंहा ने खुद बता दिया वो किस तरफ हैं….
बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) में अब तक की सबसे बड़ी टूट देखने को मिल रही है. पार्टी के कई सांसदों के बगावती सुर अपनाने के बीच, आसनसोल से सांसद और दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने बागी बनने से साफ इनकार कर दिया है. ‘शॉटगन’ ने स्पष्ट किया है कि वह हर हाल में ममता बनर्जी के साथ ही रहेंगे.
‘दुख की घड़ी में साथ छोड़ना मेरा चरित्र नहीं’
शत्रुघ्न सिन्हा ने पीटीआई (PTI) से बातचीत में कहा, “मुश्किल समय में टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी मेरे साथ खड़ी रहीं. आज जब पार्टी और वो खुद संकट में हैं, तो मैं उनका साथ बिल्कुल नहीं छोडूंगा. ममता बनर्जी और टीएमसी के साथ वफादारी निभाना मेरा नैतिक कर्तव्य है.”
सिन्हा ने उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया जिनमें कहा जा रहा था कि उन्होंने बागी सांसदों की सूची पर हस्ताक्षर किए हैं. उन्होंने कहा, “2019 के लोकसभा चुनाव में जब मैं पटना साहिब सीट से हार गया था और राजनीतिक रूप से मुश्किल दौर से गुजर रहा था, तब ममता बनर्जी ही एकमात्र ऐसी नेता थीं जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया था. उन्होंने मुझे आसनसोल से उम्मीदवार बनाया और दोबारा संसद पहुंचने में मेरी मदद की. मैं इस अहसान को नहीं भूल सकता.”
बंगाल टीएमसी में मची है भगदड़; विधायकों और सांसदों ने बनाया नया गुट
बंगाल में चुनावी शिकस्त के बाद तृणमूल कांग्रेस का आंतरिक संकट पूरी तरह गहरा चुका है. पार्टी के विधायकों से लेकर सांसदों तक ने मोर्चा खोल दिया है.
• विधानसभा में टूट: विधानसभा में टीएमसी के 64 विधायकों ने ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में एक नया गुट बना लिया है. इसके साथ ही ऋतब्रत बनर्जी अब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में आ गए हैं.
• संसद में भी बगावत: लोकसभा और राज्यसभा में भी पार्टी बिखरती नजर आ रही है. कभी ममता बनर्जी की बेहद करीबी रहीं काकोली घोष के नेतृत्व में कई सांसदों ने बगावत का झंडा बुलंद कर दिया है.
पहले इस फेहरिस्त में शत्रुघ्न सिन्हा का नाम भी उछाला जा रहा था, लेकिन गुरुवार को खुद सिन्हा ने सामने आकर इन कयासों पर पूरी तरह विराम लगा दिया है और ममता बनर्जी के प्रति अपनी अटूट निष्ठा जाहिर कर दी.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
